तेलंगाना के लिए शनि बन गए हैं रेवंत : कासम वेंकटेश्वरुलू

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश महासचिव डॉ. कासम वेंकटेश्लरुलू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ द्वारा भाजपा को तेलंगाना के लिए शनि बताए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पलटवार किया और कहा कि दरअसल तेलंगाना के लिए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी राहू व शनि बन चुके हैं। भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महासचिव कासम वेंकटेश्वरुलू ने कहा कि भाजपा गर्व से कहती है कि वह श्रीराम की वारिस है क्योंकि भारत देश और भाजपा दोनों के डीएनए में श्रीराम बसे हैं।

तेलंगाना में रावण राज चला रही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भगवान राम को भी राजनीति में घसीटने से बाज नहीं आ रहे हैं। वे कहते हैं भगवान राम से भाजपा का क्या संबंध है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर का विरोध करने वाली कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में वकील खड़े किए, विरोध में लड़ाई लड़ी। इतना ही नहीं श्री रामजी के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा किया गया। उन्होंने कहा कि धर्म या भगवानों पर बात करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष को विचार कर लेना चाहिए।

यह भी पढ़ें… धर्म के आधार पर आरक्षण भाजपा को किसी हाल मंजूर नहीं : कासम वेंकटेश्वरुलू

इटली परिवार की शाबासी लेने दिल्ली टूर

भाजपा प्रदेश महासचिव कासम वेंकटेश्वरुलू ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कहा कि इटली परिवार की शाबासी लेने के लिए मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री दिल्ली यात्रा पर निकल चुके हैं। किसान यूरिया की कालाबाजारी के कारण परेशान हैं परंतु कांग्रेस पार्टी दिल्ली में इटली परिवार के कदमों में तेलंगाना के आत्मगौरव को गिरवी रखने में तत्पर है। उन्होंने कहा कि संविधान की दुहाई देते नहीं थकने वाले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी व मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी स्थानीय निकाय चुनाव तक कराने में विफल साबित हो चुके हैं।

Ad

वेंकटेश्वरुलू ने कहा कि निकाय चुनाव नहीं कराए जाने के कारण केंद्र से आने वाली 2 हजार 300 करोड़ रुपये की निधियां रुकी पड़ी हैं। गांवों में सफाई कर्मचारियो को वेतन तक देने के लिए पैसा नहीं है परंतु मंत्रियों में हेलिकॉप्टर में घूमने की होड़ लगी है। जनता के धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फरवरी, 2024 में सरपंचों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, एमपीटीसी व जेडपीटीसी का कार्यकाल जून, 2024 में पूरा हो गया है वहीं म्युनिसिपालिटी का कार्यकाल भी सितंबर में पूरा हो गया है चुनाव नहीं कराए जाने से ग्राम पंचायतों की हालत दुर्भर है परंतु कांग्रेस सरकार को दिल्ली दौरों व हवाई यात्राओं से फुर्सत नहीं मिल रही है जनता इन्हें देख रही है अवश्य ही सबक सिखाएगी।

संपत्ति बंटवारे को लेकर दुःखी कविता

पिछड़ा वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण देने तक स्थानीय निकाय चुनाव टालने की मांग कर रहीं एमएलसी कल्वाकुंट्ला कविता की आलोचना करते हुए कासम ने कहा कि पिछले 10 सालों तक जब उनके पिता केसीआर सत्ता में थे तब कविता को बीसी याद नहीं आए। अब राजनीतिक अस्तित्व के लिए पिछड़ा वर्ग याद आने लगा है। उन्होंने कहा कि दरअसल कविता अकेली पड़ चुकी हैं।

वे दुःखी हैं, क्योंकि पिता केसीआर घर नहीं आने दे रहे हैं, भाई केटीआर ने बात करना बंद कर दिया है बल्कि केसीआर की सूरत देखकर अब तक चुप बैठे पार्टी के नेता भी मुंह खोलने लगे हैं और आलोचनाएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्थान पाने, परिवार में संपत्ति का बंटवारा नहीं होने का दुःख कविता को सताने लगा है, इसलिए जो जुबान पर आया बोल रही हैं। उन्होंने कहा कि घर में विवाद हों तो आपस में सुलझा लें। उसे जनता पर थोपना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 सालों तक सांसद व एमएलसी रहीं कविता को कभी भी पिछड़ा वर्ग याद नहीं आया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button