‘नव तेलंगाना’ तेलुगु दैनिक के 10वें वर्षगाँठ समारोह में रेवंत रेड्डी ने जतायी चिंता
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि वर्तमान में मीडिया संस्थानों पर विश्वसनीयता खोने की परिस्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में देश के लोगों को एकजुट करने में समाचार पत्र बहुत उपयोगी रहे थे। उन्होंने आज बाग लिंगमपल्ली सुंदरय्या विज्ञान केंद्र में नव तेलंगाना तेलुगु दैनिक की 10वीं वर्षगाँठ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर रेवंत रेड्डी ने याद किया कि कम्युनिस्टों के तत्वावधान में आयोजित समाचार पत्र सशस्त्र किसान संघर्ष तथा सामाजिक बुराइयों के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करने में बहुत उपयोगी थे।

पहले कुछ राजनीतिक दल लोगों तक अपनी विचारधारा पहुंचाने के लिए समाचार पत्र चलाते थे, लेकिन इन दिनों राजनीतिक दलों द्वारा संचालित समाचार पत्र विचित्र व्यवहार कर रहे हैं। कुछ लोग अपनी कमाई बचाने और गलतियों को छिपाने के लिए राजनीतिक समाचार पत्रों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पत्रकार शब्द अपना अर्थ खोता जा रहा है। कुछ राजनीतिक दलों के समाचार पत्रों की कार्यशैली पर बारीकी से नज़र रखने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें… नये तेलुगु बिड्डा हैं चंद्रबाबू नायडू?
पत्रकारिता की परिभाषा और विश्वसनीयता पर संकट
कुछ लोग जिन्हें पत्रकारिता का ककहरा भी नहीं आता, वे पत्रकार के वेश में सोशल मीडिया के नाम पर समाज में घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि असली पत्रकारों को सेमिनारों का आयोजन करके पत्रकार शब्द की परिभाषा तय करनी चाहिए। पहले जब हम प्रेस कॉन्फ्रेंस करते थे, तो पत्रकारों से संबंधित विषय पर विस्तृत जानकारी लेते थे, लेकिन आज अजीबोगरीब चलन शुरू हो गए हैं। राजनीतिक दल भी इन विचित्र चलनों में शामिल होकर इस व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि राजनेताओं की तरह पत्रकारों की विश्वसनीयता भी तेजी से कम होती जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब असली पत्रकारों को एक लक्ष्मण रेखा खींचनी होगी। असली पत्रकारों को उन लोगों से दूरी बनानी होगी, जो पत्रकार का मुखौटा पहने हुए हैं। वरना ऐसी स्थिति पैदा हो जाएगी, जो देश की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न करेगी। रेवंत रेड्डी ने आगे कहा कि कम्युनिस्ट नमक की तरह होते हैं। बिना नमक के खाना बेस्वाद होता है।
इसी तरह जब जनता की समस्याओं के खिलाफ होने वाले संघर्ष में लाल झंडा दिखाई देता है, तो उन समस्याओं का समाधान हो जाता है। उन्होंने कहा कि चाहे अतीत हो या वर्तमान कांग्रेस को सत्ता में लाने में कम्युनिस्टों का सहयोग हमेशा से रहा है। कांग्रेस और कम्युनिस्टों के बीच सहयोग भविष्य में भी इसी तरह बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस और कम्युनिस्ट मिलकर काम करेंगे, तो जनता को ज़्यादा फ़ायदा होगा। इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी, सीएम के सलाहकार वी. नरेंदर रेड्डी, माकपा के वरिष्ठ नेता बी.वी. राघवुलु, जॉन वेस्ले, तम्मिनेनी वीरभद्रम, जुलाकंटि रंगा रेड्डी और अन्य ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



