सेंसेक्स 1000 अंक उछला, निफ्टी 24,953 के पार

मुंबई, बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को शुरुआती कारोबार में उछल गए, दिवाली तक जीएसटी व्यवस्था में बड़े सुधारों की योजना और एसएंडपी द्वारा भारत की संप्रभु क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड करने से बाजार को मजबूती मिली। ऑटो, कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों ने इक्विटी बाजार की तेजी को बल दिया।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,021.93 अंक उछलकर 81,619.59 पर पहुँच गया। एनएसई निफ्टी 322.2 अंक बढ़कर 24,953.50 पर पहुँच गया। सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और बजाज फिनसर्व प्रमुख लाभार्थी रहे। हालाँकि, लार्सन एंड टुब्रो, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इन्फोसिस नुकसान में रहे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा, ‘‘बाजार में मजबूत समर्थन है जो इसे और ऊँचाई तक ले जा सकता है। दिवाली तक जीएसटी में अगले बड़े सुधारों पर प्रधानमंत्री की घोषणाएँ एक बड़ा सकारात्मक पहलू है। एसएंडपी द्वारा भारत की संप्रभु क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड करना एक और बड़ा सकारात्मक है।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (17 अगस्त, 2025) को कहा कि केंद्र ने अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों का मसौदा राज्यों को भेज दिया है और दिवाली से पहले इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए उनका सहयोग माँगा है। मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस भाषण में जीएसटी कानून में सुधार के प्रस्ताव की घोषणा की थी।

सेंसेक्स-निफ्टी पर जीएसटी सुधारों का असर, बाजार में तेजी

विजयकुमार ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि ज्यादातर वस्तुएँ और सेवाएँ 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत कर स्लैब में होंगी। ऑटो और सीमेंट जैसे सेक्टर, जो फिलहाल 28 प्रतिशत कर स्लैब में हैं, लाभान्वित होंगे। टीवीएस मोटर्स, हीरो, आयशर, एमएंडएम और मारुति पर इस खबर का सकारात्मक असर पड़ने की संभावना है। बीमा कंपनियाँ भी जीएसटी संशोधन से लाभान्वित होंगी।’’

एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 इंडेक्स, शंघाई का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी निचले स्तर पर रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को ज्यादातर निचले स्तर पर बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.05% गिरकर 65.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

यह भी पढ़े : मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच बाजार की कमजोर शुरुआत

एक्सचेंज के आँकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 1,926.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। गुरुवार को सेंसेक्स 57.75 अंक या 0.07% चढ़कर 80,597.66 पर बंद हुआ था। निफ्टी 11.95 अंक या 0.05% बढ़कर 24,631.30 पर पहुँच गया था। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को इक्विटी बाजार बंद रहे। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button