शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्मों को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज करेगा
नई दिल्ली, बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान को भारत की सबसे बड़ी फिल्म प्रदर्शनी कंपनी पीवीआर आईनॉक्स द्वारा बर्थडे फिल्म फेस्टिवल के ज़रिए सम्मानित किया जाएगा, जिसमें अभिनेता की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज़ किया जाएगा। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह विशेष फिल्म महोत्सव 31 अक्तूबर से शुरू होगा, जो अभिनेता के 60वें जन्मदिन (2 नवंबर) से पहले शुरू किया जा रहा है।
यह दो सप्ताह तक चलने वाला फिल्म फेस्टिवल 30 शहरों और 75 सिनेमाघरों में आयोजित किया जाएगा। शाहरुख़ ख़ान, जिन्हें इस वर्ष एटली कुमार द्वारा निर्देशित ‘जवान’ में अपने प्रदर्शन के लिए अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, ने कहा कि सिनेमा हमेशा उनके लिए ‘घर’ रहा है, और उनकी फिल्मों का बड़े पर्दे पर लौटना एक ‘सुंदर पुनर्मिलन’ जैसा है।
शाहरुख़ ख़ान ने बयान में कहा कि सिनेमा हमेशा मेरा घर रहा है, और इन फिल्मों को बड़े पर्दे पर वापस आते देखना एक सुंदर पुनर्मिलन जैसा लगता है। ये फिल्में सिर्फ मेरी कहानियां नहीं हैं; ये दर्शकों की हैं, जिन्होंने पिछले 33 वर्षों में इन्हें प्यार से अपनाया है।
शाहरुख़ की फिल्मों का जादू फिर बड़े पर्दे पर लौटेगा
शाहरुख़ ख़ान ने जोड़ा कि मैं पीवीआर आईनॉक्स का इस यात्रा को इतने प्यार से मनाने के लिए आभारी हूं, और रेड चिली एंटरटेनमेंट का, जो मेरा रचनात्मक घर है, हमेशा उन कहानियों पर विश्वास करने के लिए जो हम सभी को जोड़ती हैं। मैं आशा करता हूं कि जो भी इन्हें देखने आएगा, वे साथ मिलकर आनंद, संगीत, भावनाओं और सिनेमा के जादू को फिर से महसूस करेंगे। इस लाइनअप में 2013 की रोमांटिक कॉमेडी चेन्नई एक्सप्रेस, देवदास , राजनीतिक ड्रामा , दिल से, मैं हूं ना और जवान सहित अन्य शीर्षक शामिल हैं।
यह भी पढ़े : कमल हासन : शाहरुख़ को यह सम्मान पहले ही मिलना चाहिए था
पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड की प्रमुख रणनीतिकार निहारिका बिजली ने कहा कि शाहरुख़ ख़ान एक वैश्विक आइकन से बढ़कर हैं, वह एक भावना हैं। हम उनकी असाधारण यात्रा को उन फिल्मों की एक श्रृंखला के माध्यम से मनाने के लिए रोमांचित हैं जो उनके जादू, बहुआयामी प्रतिभा और भारतीय सिनेमा पर उनके स्थायी प्रभाव को दर्शाती हैं। उन्हें सभी आयु वर्ग, लिंग और क्षेत्रों के लोग पसंद करते हैं। यह महोत्सव उनकी कला और उस आनंद व आशा को श्रद्धांजलि है, जो वह दुनिया भर के दर्शकों को निरंतर प्रदान करते हैं।
शाहरुख़ अगली बार फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शाहरुख़ के साथ सुहाना ख़ान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



