क्या पुराना शहर मजलिस के हवाले ?
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने हैदराबाद के पुराने शहर में पुलिस के साथ मिलकर जीएचएमसी अधिकारियों द्वारा अवैध निर्माण हटाए जाने पर मजलिस नेताओं द्वारा हलचल मचाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी में एमआईएम के एमएलसी द्वारा हो हल्ला किए जाने पर पुलिस ने केस तक दर्ज करने की हिम्मत नहीं दिखाई, जो चिंता का विषय है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चलते केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने हैदराबाद के पुराने शहर में रह रहे बंगाली परिवारों से हाईकोर्ट के समीप मुरलीधर मंदिर के सभागृह में भाजपा गोशामहल गोलकोंडा जिला अध्यक्ष टी. उमा महेंदर की अध्यक्षता में आयोजित बंगाली सम्मेलन में भेंट की। उन्होंने सभी से पश्चिम बंगाल चुनाव में उनके बंधु मित्रों आदि को भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया, जिस पर सभी ने भाजपा पर विश्वास जताते हुए बंगाल जाकर स्वयं भाजपा को वोट देने तथा बंधु मित्रों द्वारा भी भाजपा के पक्ष में वोट दिलाने का आश्वासन दिया ।
केंद्रीय मंत्री ने बाद में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में हिन्दू असुरक्षित महसूल करने लगे हैं वहीं प्रश्न किया कि गृह मंत्रालय संभाल रहे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी बताएं क्या पुराना शहर मजलिस को लिखकर दे दिया गया है ? उन्होंने पूछा कि क्या पुराने शहर के लिए एक नियम और अन्य क्षेत्रों के लिए अलग नियम बना दिए गए हैं? उन्होंने हैदराबाद डिसास्टर रेस्पांस एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (हैद्रा) का उल्लेख किया और कहा कि हैद्रा के द्वारा गरीबों के घर ढहाने पर स्थानीयों द्वारा विरोध किए जाने या बीजेपी द्वारा प्रश्न करने पर केस दर्ज करने वाली पुलिस पुराने शहर में क्यों खामोश है ?
हैदराबाद के 60 हजार बंगाली भय के वातावरण में जी रहे हैं
मंत्री ने पूछा कि पुराने शहर में अवैध निर्माण हटाने वाले जीएचएमसी के अधिकारियों पर हमला करने वालों पर क्यों कदम नहीं उठाए गए? उन्होंने कहा कि हैदराबाद में करीब 60 हजार बंगाली रह रहे हैं परंतु वे हर समय भय के वातावरण में जी रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मजलिस पार्टी के सहयोग से बंगाली परिवारों की बालिकाओं को ड्रग्स, गांजा आदि नशे की लत में घसीटकर लव जिहाद का शिकार बनाया जा रहा है और इसका खुलासा मीडिया के समक्ष वे (केंद्रीय मंत्री) स्वयं कर चुके हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि दरअसल मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मजलिस और ओवैसी परिवार के आगे हथियार डाल दिए हैं । उन्होंने कहा कि पुराने शहर में हुई घटना सोशल मीडिया पर वायरल है फिर भी कोई एक्शन न लिया जाना कांग्रेस सरकार की असमर्थता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले ही अवैध घुंसपैठिए रोहिंग्या प्रवेश कर चुके हैं, वहीं तेलंगाना में कांग्रेस और पूर्व बीआरएस सरकार उन्हें संरक्षण दे चुकी है।
मंत्री ने पूर्व गृह मंत्री महमूद अली का नाम लेते हुए कहा कि अवैध रूप से रह रहे अवैध घुसपैंठिए रोहिंग्याओं को महमूद अली ने न केवल शेल्टर दिए बल्कि उनके राशन पानी की भी व्यवस्था की है। उन्होंने कुकटपल्ली में धर्मपरिवर्तन व गैंग रेप के प्रकाश में आए मामले का भी उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस सरकार ने कानून व्यवस्था से हाथ खड़े कर दिए हैं, अब रक्षा कौन करेगा यह प्रश्न खड़ा है।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना में 2034 तक सत्ता में रहेगी कांग्रेस : रेवंत रेड्डी
बंडी संजय ने पुराने शहर में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर तंज किया
मंत्री ने खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि हैदराबाद के पुराने शहर में हाथ बांधकर बैठे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बासर जाकर आदिलाबाद का हजारों करोड रूपये से विकास करने का आश्वासन दिया है, जो हास्यास्पद है। केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बरसते हुए उन पर अवैध घुसपैंठियों को प्रोत्साहन देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घुसपैंठियों के लिए रेड कार्पेट बिछाकर ममता बनर्जी ने देश की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है।
मंत्री ने कहा कि ममता सरकार घुसपैंठ रोकने के लिए बंगाल की सीमा पर फेंसिंग तक करने में गतिरोध पैदा कर रही हैं यह सबसे बड़ी चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी अवैध घुसपैंठियों के वोट से चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से आह्वान किया कि देश की सुरक्षा के लिए भाजपा को वोट दें। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने मुरलीधर मंदिर में राधा कृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अवसर पर प्रदेश भाजपा मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन.वी. सुभाष, आधिकारिक प्रवक्ता जे. संगप्पा, निरंजन यादव, पवन मिश्रा, नरेश अवस्थी, पोन्ना वेंकटरमणा, पूर्व पार्षद पाशम सुरेंदर आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



