जनसमस्याओं का समाधान केवल कम्युनिस्टों से ही संभव : संबाशिव राव
हैदराबाद, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रदेश सचिव एवं विधायक कुनामानेनी संबाशिव राव ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान केवल कम्युनिस्टों से ही संभव है। उन्होंने आयोजित भाकपा मेड़चल मलकाजगिरी जिला समिति की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यदि हम दुनिया भर में हो रहे घटनाक्रमों पर नज़र डालें, तो स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि लोगों का कम्युनिस्ट पार्टियों पर विश्वास बढ़ रहा है।
श्रीलंका और न्यूयॉर्क में लगातार कम्युनिस्टों का सत्ता में आना और नेपाल में कम्युनिस्टों का एकजुट होना इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार सत्ता में आई मोदी सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। भाजपा पर देश में लोगों के बीच धार्मिक घृणा और भावनाएँ भड़काकर सत्ता बनाए रखने का उन्होंने आरोप लगाया। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि देश में अमीर और अमीर और गरीब और गरीब होते जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद बेहतरीन निवेश गंतव्य : रेवंत रेड्डी
किसानों और मजदूरों के अधिकारों पर भाकपा का संघर्ष जारी
किसानों और मजदूरों को पूँजीपतियों का गुलाम बनाने वाले कानून लाए गए है। भाकपा इन्हें रद्द करवाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से भाजपा शासित राज्यों को अधिक और गैर भाजपा शासित राज्यों को कम धनराशि दी जा रही है। इससे कई राज्यों में विकास बाधित हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए हमने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है। इसमें हम सफल भी रहे। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस राज्य में जनविरोधी नीतियाँ अपनाती है, तो वह उन्हें ठीक करने की कोशिश करते हैं।
सत्तारूढ़ कांग्रेस के साथ गठबंधन होने के बावजूद वह जन समस्याओं पर संघर्ष को नहीं रोक रहे और जनता के मुद्दों पर लगातार लड़ते रहेंगे। उन्होंने बताया कि भाकपा देश भर में कम्युनिस्टों की एकता और वामपंथी लोकतांत्रिक ताकतों की एकता के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाकपा आगामी 26 दिसंबर को खम्मम में भाकपा शताब्दी समारोह का आयोजन करेगी। इसमें 40 देशों के वामपंथी प्रतिनिधि भाग लेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





