एफटीआईआई में खाद्य पैकेजिंग एवं संरक्षण प्रौद्योगिकियों पर शिखर सम्मेलन आयोजित
हैदराबाद, फेडरेशन ऑफ तेलंगाना चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आज सुराना ऑडिटोरियम में खाद्य पैकेजिंग और संरक्षण प्रौद्योगिकी पर एक दिवसीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तेलंगाना सरकार के अतिरिक्त उद्योग निदेशक राजकुमार ओहटकर उपस्थित थे।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राजकुमार ओहटकर ने अपने संबोधन में राज्य में रोजगार में खाद्य क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खाद्य क्षेत्र तेलंगाना में 10 लाख से ज़्यादा लोगों को रोजगार प्रदान करता है, जिसमें अकेले एमएसएमई क्षेत्र में 62,000 छोटे और 25,000 मध्यम उद्यमों में 9.23 लाख से ज्यादा नौकरियाँ उपलब्ध हैं। उन्होंने क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा की गई विभिन्न पहलों का उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें… एफटीसीसीआई का इंडस्ट्रियल इन्नोवेशन टेक्नोलॉजी एक्सपो हाईटेक्स में जारी
खाद्य पैकेजिंग में नवाचार और उद्योग की दिशा
एफटीसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.के. माहेश्वरी ने स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि भारत का खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र दुनिया के सबसे बड़े क्षेत्रों में से एक है, जिसका महत्वाकांक्षी लक्ष्य 2025-26 तक 535 अरब डॉलर को पार करना है। लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पैकेजिंग और संरक्षण प्रौद्योगिकियाँ अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। एफटीसीसीआई की कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण समिति के अध्यक्ष एस. चन्द्र मोहन ने इस बात पर जोर दिया कि खाद्य पैकेजिंग और संरक्षण अपने मूल कार्यों से आगे बढ़ गए हैं।
ओहटकर ने कहा कि पैकेजिंग में नवाचार न केवल इसकी शेल्फ लाइफ और सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि ट्रेसेब्लिटी, नियामक अनुपालन और पर्यावरण के प्रति जागरूक प्रथाओं को संबोधित करता है। शिखर सम्मेलन में उद्योग विशेषज्ञों द्वारा कई ज्ञान आधारित सत्र आयोजित किए गए। इनमें संबंधित क्षेत्र में उभरते रुझान, नियामक ढाँचे, स्मार्ट पैकेजिंग समाधान और वास्तविक दुनिया के केस अध्ययन शामिल थे। कार्यक्रम में खाद्य एवं पैकेजिंग उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 100 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





