कांग्रेस-बीआरएस को सबक सिखाएँ : बंडी संजय
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने जुबली हिल्स के हिन्दू मतदाताओं से एकजुट होकर वोट बैंक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 30 प्रतिशत वर्ग के वोटो की खातिर 70 प्रतिशत मतदाताओं की उपेक्षा कर रही कांग्रेस पार्टी व बीआरएस को संगठित होकर कड़ा सबक सिखाएँ।
जुबली हिल्स चुनाव प्रचार के तहत बोराबंडा में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए बंडी संजय ने कहा कि 3 लाख हिन्दू मतदाता संगठित होंगे, तो क्या होगा यह कांग्रेस और बीआरएस को बता दें। उन्होंने कहा कि गलती से भी कांग्रेस या बीआरएस जीत गई, तो हिन्दुओं का जीवन बरबाद हो जाएगा।
नवीन खान या सुनीता मेरी यदि जीत गए, तो बस्तियाँ कब्रिस्तान बन जाएँगीं। सिर पर टोपी पहनकर जुबली हिल्स उप चुनाव प्रचार कर रहे कांग्रेस नेताओं और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को देखकर लगता है कि इनका डीएनए टेस्ट करवाना पड़ेगा।
बंडी संजय: कांग्रेस और ओवैसी मुस्लिम वोटों के लिए जुटे हैं
बंडी संजय ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को सिर पर टोपी पहने देखकर पड़ोस में खड़े मोहम्मद अजहरुद्दीन भी वोटों के भिखारी समझकर हँस रहे हैं। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी में दम है, तो ओवैसी बंधुओं को भाग्यलक्ष्मी मंदिर ले जाकर तिलक करें। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रगति की बात कर रही है, तो कांग्रेस धर्म पर बोल रही है।
मुसलमानों के वोट के लिए कांग्रेस ओवैसी को खुश करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि राव आएँ या रेड्डी हम जो कहेंगे सुनना पड़ेगा कहने वाले ओवैसी पर कोई कदम उठाने तक का साहस मुख्यमंत्री में नहीं है। उन्होंने कहा कि जुबली हिल्स में सड़क विस्तारीकरण के लिए घरों को ढहा रही कांग्रेस सरकार को मजलिसियों की दुकानें नजर नहीं आयीं।
बंडी संजय ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित भारत के रूप में विश्व का अग्रणी बनाने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर औवैसी भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाने का षड्यंत्र रच रहे हैं। कांग्रेस पार्टी मुसलमानों के घरों में जाकर मिक्सर ग्रैंडर व सिलाई मशीनें बांट रही है। महिलाओं में बॉटने के लिए 40 हजार बुरखे भी मंगवाए गए हैं, परंतु हिन्दुओं की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि 10-20 हजार रुपये के प्रलोभन में हिन्दू मतदाता न आएँ। 3 लाख मतदाता मिलकर कांग्रेस और बीआरएस को हार का स्वाद चखाएँ।
बंडी संजय ने गोपीनाथ मौत की जाँच और केटीआर पर भ्रष्टाचार आरोप लगाए
बंडी संजय ने पूर्व विधायक मागंटी गोपीनाथ की मृत्यु की जाँच करवाने की मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से माँग करते हुए कहा कि दिवंगत मागंटी की माँ ने खुद आरोप लगाया कि उनके पुत्र गोपीनाथ की मौत का कारण केटीआर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से कहा कि केटीआर को अंदर डालें और थर्ड डिग्री देकर पूछताछ करें, तभी सच बाहर आएगा।
बंडी संजय ने कहा कि बीजेपी जनता की समस्याओं पर बोल रही है, वहीं बीआरएस कब्रिस्तान बनवाने की बात कर रही है। उन्होंने पूर्व बीआरएस सरकार पर कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना में 1 लाख करोड़ लूटने तथा केटीआर पर फार्मूला ई कार रेस में लूट मचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने खुद वादा किया था कि बीआरएस के किए गए 1 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई से करवाई जाएगी, परंतु केवल 9 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार की जाँच करने सीबीआई को रेवंत ने पत्र लिखा।
यह भी पढ़े : गौरक्षक पर हमले को लेकर बंडी संजय ने दी कड़ी चेतावनी
बंडी संजय ने कहा कि केटीआर पिता व पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना नहीं चाहते। वह स्वयं मुख्यमंत्री बनने की फिराक में हैं। उन्होंने एमएलसी कविता से कहा कि कभी-कभी पिता केसीआर की खैर खबर लेतीं रहें, क्योंकि अभिभावकों की चिंता पुत्रियों को अधिक होती है। बंडी संजय ने रहमतनगर को मीनाक्षी नगर कहकर संबोधित करते हुए कहा कि कल वह मीनाक्षी नगर जाएँगे। वहीं बंजारा हिल्स स्थित पेद्दम्मा गुड़ी के भी दर्शन करेंगे। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज का चित्र व भगवा ध्वज हाथों में लिए जय श्री राम व भारत माता की जय के नारे लगाकर प्रत्यक्षदर्शियों में जोश भरा।
बंडी संजय हिन्दू टाइगर : रामचंदर राव
प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय को हिन्दू टाइगर बताते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के कहे अनुसार भाजपा अवश्य ही रहमतनगर को मीनाक्षी नगर बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 20 प्रतिशत मुसलमानों के आगे 80 प्रतिशत हिन्दू नजर नहीं आ रहे हैं, इसलिए हिन्दू मतदाता हरगिज विभाजित न हों और अपनी ताकत दिखाएँ। उन्होंने कहा कि हिन्दुओं का धर्म, भाषा, संस्कृति, व्यक्तित्व, स्वाभिमान को बचाने की ताकत केवल भाजपा में है। इसलिए भाजपा को वोट देकर तेलंगाना में परिवर्तन की बुनियाद डालें और जुबली हिल्स का भविष्य बदलें। अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डी.के. अरुणा, विधायक दल के उप नेता पायल शंकर, महासचिव डॉ. एन. गौतम राव, कासम वेंकटेश्वरुलू व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



