तेलंगाना भाजपा प्रमुख ने की सीएम रेवंत रेड्डी के बयान की कड़ी आलोचना
हैदराबाद, तेलंगाना के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी मुसलमानों के वोट बैंक की राजनीति कर रही है और समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है।
रामचंदर राव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा दिया गया यह बयान कि “मुसलमानों का सम्मान और अस्तित्व कांग्रेस की वजह से है, और कांग्रेस के बिना उन्हें कोई सहारा नहीं मिलेगा”, इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस धर्म आधारित राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यह बयान बहुसंख्यक समुदाय की उपेक्षा करते हुए केवल 20 प्रतिशत मुस्लिम वोटों को साधने का प्रयास है।
कांग्रेस केवल मुस्लिम वोट चाहती है
बीजेपी प्रमुख ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस केवल मुस्लिम वोट चाहती है और हिंदू वोटों की आवश्यकता नहीं समझती, तो इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की 80 प्रतिशत हिंदू आबादी कांग्रेस के रुख को देख रही है और इस अहंकार तथा तुष्टिकरण की राजनीति का जवाब आगामी जुबली हिल्स उपचुनाव में देगी।
रामचंदर राव ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को वास्तविक न्याय तभी मिलेगा जब उनके लिए शिक्षा, रोजगार और आर्थिक अवसर सुनिश्चित किए जाएं, जबकि कांग्रेस वर्षों से उन्हें सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस कथित बयान की भी निंदा की, जिसमें रेवंत रेड्डी ने चेतावनी दी थी कि यदि लोग कांग्रेस को वोट नहीं देंगे तो राशन कार्ड, मुफ्त चावल और फ्री बस सुविधा वापस ली जा सकती है। राव ने इसे “लोकतंत्र का अपमान” और “जनता की आज़ादी पर हमला” बताया।
बीजेपी नेता ने विश्वास जताया कि जनता कांग्रेस की राजनीति को अस्वीकार करेगी और जुबली हिल्स उपचुनाव में भाजपा को समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज देश और समाज को जोड़ने वाली शक्ति बनकर उभर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





