तेलंगाना में 33 करोड़ की हाई-टेक मशीन से कैंसर उपचार सशक्त
हैदराबाद, स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर निज़ाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के ऑन्कोलॉजी विभाग में कैंसर के उपचार हेतु लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत वाली एडवांस्ड हाई एनर्जी लीनियर एक्सीलरेटर मशीन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।
दामोदर राजनरसिम्हा ने कहा कि तेलंगाना में कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का और विस्तार किया जा रहा है। इस कड़ी में निम्स में अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर मशीन के साथ राज्य में कैंसर के उपचार को और प्रभावी बनाया जा रहा है। इस आधुनिक तकनीक की मदद से हम ऐसा उपचार प्रदान करने में सक्षम हैं, जो केवल ट्यूमर को प्रभावित कर स्वस्थ ऊतकों की रक्षा करता है।
हर साल 55,000 से 60,000 नए कैंसर मामले सामने
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में हर साल 55,000 से 60,000 नए कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। यदि कैंसर का पता प्रारंभिक अवस्था में चल जाए, तो इसे ठीक किया जा सकता है। तेलंगाना सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हमने ग्रामीण क्षेत्रों में भी कैंसर के इलाज को सुलभ बनाने के लिए कदम उठाए हैं। सभी जिला केंद्रों में डे केयर कैंसर सेंटर स्थापित कर सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना : कैंसर अधिसूचित रोग, हर नया मामला रिपोर्ट अनिवार्य
मुलुगु, आदिलाबाद जैसे दूरदराज के इलाकों में कीमोथेरेपी सेवाएँ उपलब्ध कराई हैं। महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पूरे राज्य में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम लागू किया गया है। 46 लाख स्वयं सहायता समूहों में महिलाओं की स्वास्थ्य जाँच कर शीघ्र निदान को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर, सांसद अनिल कुमार यादव, निम्स निदेशक प्रो. एन. बीरप्पा व विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



