तेलंगाना में पत्रकारों पर हमलों की जांच के लिए सरकार ने बनाई उच्च स्तरीय समिति
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार ने राज्य में पत्रकारों पर हो रहे हमलों और उत्पीड़न के मामलों की जांच के लिए दो वर्ष की अवधि के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन (सूचना एवं जनसंपर्क) विभाग ने आदेश जारी किया है। सरकार ने यह निर्णय सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष आयुक्त के प्रस्ताव पर लिया है। आदेश के अनुसार, यह समिति राज्य में पत्रकारों पर हुए हमलों के मामलों की जांच करेगी, प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करेगी और सरकार को आवश्यक कार्रवाई के लिए सिफारिशें देगी।
साथ ही, समिति समय-समय पर बैठकें कर निवारक और सुधारात्मक उपायों की अनुशंसा भी करेगी। समिति की अध्यक्षता सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री करेंगे, जबकि गृह विभाग के प्रधान सचिव/विशेष मुख्य सचिव, राजनीतिक विभाग के प्रधान सचिव, सामान्य प्रशासन (सूचना एवं जनसंपर्क) विभाग के विशेष सचिव, तेलंगाना पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) सदस्य होंगे। इसके अलावा समिति में प्रमुख पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि शामिल किए गए हैं।
इसमें तेलंगाना यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स, तेलंगाना स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स, तेलंगाना वर्किंग जर्नलिस्ट्स फेडरेशन, तेलंगाना असोसिएशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जर्नलिस्ट्स, तेलंगाना इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जर्नलिस्ट्स यूनियन, स्मॉल एंड मीडियम डेली न्यूजपेपर असोसिएशन, स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर एंड मैगजीन असोसिएशन तथा तेलंगाना उर्दू वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हैं।
यह भी पढ़ें… मागंटी गोपीनाथ की रहस्यमई मौत की जाँच कराए सरकार : बंडी संजय
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक या अतिरिक्त निदेशक समिति के सदस्य संयोजक होंगे। समिति अपनी रिपोर्ट और अनुशंसाएं समय-समय पर सरकार को सौंपेगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। यह कदम राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



