हैदराबाद, गच्ची बावली स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईआईएचएम) परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय युवा शेफ ओलंपियाड-2026 के क्षेत्रीय चरण का आयोजन किया गया। अवसर पर तेलंगाना राज्य पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक वल्लुरु क्रांति ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों द्वारा तैयार व्यंजनों का निरीक्षण करते हुए प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए हैदराबाद को क्षेत्रीय स्थलों में से एक के रूप में चुनने हेतु आईआईएचएम की सराहना की।
वल्लुरु क्रांति ने कहा कि पाक कला पर्यटन पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न अंग है। इस कड़ी में तेलंगाना में पाक कला पर्यटन की अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि इसकी पाक कला विरासत वैश्विक पर्यटन को बढ़ावा दे सकती है। तेलंगाना पर्यटन ने ग्रामीण और महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत का पहला पाक कला अनुभवात्मक पर्यटन एक्सेलरेटर (टीसीईटीए) शुरू किया है। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण उद्यमियों को प्रशिक्षित करते हुए उन्हें वैश्विक निवेशकों, शेफ और नवाचार नेटवर्क से जोड़ेगी।
यह भी पढ़ें… भारतीय ज्ञान प्रणाली पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी : शिक्षा, पर्यावरण और विज्ञान पर गहरी चर्चा
ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली
वल्लुरु क्रांति ने कहा कि तेलंगाना पाक कला की समृद्ध विरासत वाला देश है। समय के साथ कई क्षेत्रीय व्यंजन लुप्त हो गए हैं। यह एक्सेलेरेटर इन भूले हुए व्यंजनों को पुनर्जीवित करने और तेलंगाना की स्थानीय खाद्य संस्कृति को व्यापक मंच पर बढ़ावा देने में सहयोगी सिद्ध होगा।
वल्लुरु क्रांति ने होमस्टे विषय पर कहा कि तेलंगाना सरकार ने होमस्टे की अनुमति देते हुए इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। उत्साहजनक प्रतिक्रिया के बीच हम होमस्टे के ऑनलाइन पंजीकरण की ओर बढ़ रहे हैं। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि तेलंगाना के शीर्ष दस पर्यटन स्थलों में से प्रत्येक में कम से कम 50 से 100 होमस्टे हों। इस कड़ी में सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त होमस्टे के बारे में जागरूकता पैदा करना बेहद जरूरी है।
अंतरराष्ट्रीय युवा शेफ ओलंपियाड दुनियाभर के शेफ छात्रों का सबसे बड़ा सम्मेलन है। यह 50 देशों की पाक कला प्रतिभाओं को एक साथ लाता है। इस वर्ष की थीम एआई के माध्यम से दुनिया की वैश्विक पाक कला विरासत का संरक्षण है। आज आयोजित ओलंपियाड में स्विट्जरलैंड, बोत्सवाना, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, स्कॉटलैंड, नामीबिया और बेलारूस के प्रतिभागियों ने पाककला कौशल का प्रदर्शन किया।
