निवेश हेतु तेलंगाना सुरक्षित : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घोषणा की कि हैदराबाद शहर को अंतरराष्ट्रीय शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा, हैदराबाद कोई ओल्ड सिटी नहीं है, यह ओरिजिनल सिटी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हैदराबाद विश्व के शहरों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा। उन्होंने निवेशकों से तेलंगाना में निवेश कर लाभ उठाने का आह्वान किया।
रेवंत रेड्डी ने याद दिलाया कि गत दिनों भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान भी हैदराबाद में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता भव्य रूप से आयोजित की गई। उन्होंने निवेशकों को आश्वासन दिया कि उनका निवेश यहां सुरक्षित रहेगा। उन्होंने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शिल्परामम में आयोजित पर्यटन सम्मेलन-2025 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का, मंत्री जूपल्ली कृष्ण राव, श्रीहरि, फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष दिल राजू, पर्यटन निगम के अध्यक्ष पटेल रमेश रेड्डी और अन्य उच्च अधिकारियों ने भी भाग लिया। इस मौके पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना के गठन के दस साल तक पर्यटन के लिए कोई नीति नहीं थी।

हमारी सरकार बनने के बाद पर्यटन के लिए विशेष नीति लाई गई है। उन्होंने कहा कि वे पर्यटन क्षेत्र में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश लाने के लिए पर्यटन मंत्री जूपल्ली कृष्ण राव को बधाई देते हैं। उन्होंने बताया कि तेलंगाना में कई प्राचीन, ऐतिहासिक, आध्यात्मिक आदि पर्यटन स्थल हैं। उन्हें शानदार ढंग से विकसित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
15,279 करोड़ के निवेश और 50 हजार रोजगार के अवसर
अवसर पर विभिन्न संस्थाओं ने पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ 15,279 हज़ार करोड़ रुपये के समझौतों पर हस्ताक्षर किए। सरकार ने बताया है कि इन समझौतों से कुल 50 हज़ार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इनमें से 19,520 प्रत्यक्ष रोजगार होंगे।
इन परियोजनाओं में 14 सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) परियोजनाएं (7,081 करोड़) और 16 निजी क्षेत्र की परियोजनाएं (8,198 करोड़) शामिल हैं। इनमें अनंतगिरी में लग्जरी वेलनेस रिट्रीट, विकाराबाद में ताज सफारी और विनयार्ड रिसार्ट, तीन अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, रामोजी फिल्म सिटी का 2 हजार करोड़ रुपये का विस्तार आदि शामिल हैं।
यह भी पढ़े : एच1बी वीजा शुल्क वृद्धि के मुद्दे को युद्धस्तर पर सुलझाएँ : रेवंत
अधिकारियों ने बताया कि पहली बार विश्व प्रसिद्ध इंटरकॉन्टिनेंटल, सेंट रेजिस और ओबेरॉय होटल हैदराबाद आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि तेलंगाना को कुल 10 हजार नए होटल रूम, थीम पार्क, फिल्म पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के विकास के साथ वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





