खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला: 4 पुलिसकर्मी मारे गए, 9 घायल
पाकिस्तान, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस थानों और चेक पोस्टों पर किए गए सिलसिलेवार आतंकवादी हमलों में कम से कम चार पुलिसकर्मी मारे गए और नौ अन्य घायल हो गए, अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। हमले बुधवार को हुए थे। पेशावर के हसन खैल पुलिस स्टेशन और दो चेक पोस्टों पर हमलों को सुरक्षा बलों ने नाकाम किया, लेकिन इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
अपर दीर में आतंकवादियों ने क्विक रिस्पांस फोर्स के वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी मारे गए और आठ अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया और तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। खैबर जिले में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सखी पुल पर फ्रंटियर कोर–पुलिस संयुक्त चेकपॉइंट पर हमला किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उन्हें पीछे हटना पड़ा।
नसीर बाग, मतानी और बन्नू में हमले नाकाम, सुरक्षा कड़ी, मुख्यमंत्री ने निंदा की
नसीर बाग और मतानी क्षेत्रों में भी इसी तरह के हमले किए गए, जिन्हें पुलिस ने बिना किसी हानि के विफल कर दिया। बन्नू में, आतंकवादियों ने होविंद पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर मजनघा चेक पोस्ट को निशाना बनाया, लेकिन इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। चरसद्दा जिले में, अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने नस्ता पुलिस स्टेशन के तहत तरलंदी चेक-पोस्ट पर गुरुवार तड़के हैंड ग्रेनेड फेंका, लेकिन यह धमाका नहीं हुआ और कोई नुकसान नहीं हुआ।
यह भी पढ़े: दिल्ली के गीता कॉलोनी में पैसे के विवाद में व्यक्ति को मारी गोली
पूरे प्रांत में सभी पुलिस स्टेशनों और चेक पोस्टों पर सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है और बलों को किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने इन हमलों की निंदा करते हुए उन्हें “कायराना” करार दिया। उन्होंने कहा, “ऐसी घटनाएं हमारी पुलिस का मनोबल नहीं गिरा सकतीं।” (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



