जीएचएमसी के रास्ते तेलंगाना की सत्ता पर काबिज होना लक्ष्य : बंडी संजय

हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता का पिछले लंबे समय से करीमनगर कॉर्पोरेशन पर महापौर और उप-महापौर पद हासिल कर भगवा लहराने का सपना आखिरकार आज साकार हुआ। करीमनगर में महापौर के रूप में कोलागानी श्रीनिवास और उप महापौर के रूप में सुनील राव के चुने जाने के बाद मीडिया से बात करते हुए बंडी संजय ने आज वह काफी खुश हैं।

जनता ने देर से ही सही, लेकिन भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सहित कांग्रेस ने मजलिस व बीआरएस के साथ मिलकर भाजपा का मेयर न बने, इसके लिए हर प्रकार के षड्यंत्र रचे, लेकिन विफल रहे। उन्होंने कहा कि करीमनगर में लोकतंत्र व धर्म की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक मंत्री ने चुटकी लेते हुए चुनौती दी थी कि करीमनगर में कांग्रेस का ही मेयर बनेगा।

यह भी पढ़ें… कांग्रेस को सबक सिखाएगी जनता : कविता

14 सीटों के बावजूद कांग्रेस पर सवाल

केवल 14 स्थानों पर जीती कांग्रेस ने किस बल पर यह दावा ठोक दिया था, पता नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वादा किया था कि करीमनगर कॉर्पोरेशन मेयर पद हासिल करके आएँगे, जो पूरा हुआ है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी, प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव को मार्गदर्शन व प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि केवल चुनाव के समय ही वह राजनीति कर रहे हैं, पद पर आसीन होने के बाद दलगत भावना से ऊपर उठकर सभी के साथ मिलकर केवल करीमनगर के विकास पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह राज्य सरकार से मिलेंगे। वहीं केंद्र सरकार से निधियाँ दिलाने के लिए भेंट करेंगे ।

बंडी संजय ने कहा कि खेल अब करीमनगर से शुरू हुआ है, अब यह जीएचएमसी चुनाव के मार्ग से होते हुए तेलंगाना की सत्ता हासिल करने पर ही खत्म किया जाएगा। कांग्रेस ने करीमनगर में षड्यंत्र रचकर भाजपा को छेड़ दिया है। जनता ने जता दिया कि तेलंगाना में भाजपा ही अगला विकल्प है। करीमनगर के नए महापौर कोलगानी श्रीनिवास व उप महापौर सुनील राव ने महापौर पद दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री बंडी संजय का आभार व्यक्त किया। वहीं वोट देकर जिताने वाली जनता तथा भाजपा हाइकमान को प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। अवसर पर डॉ. मनोहर रेड्डी, जे. संगप्पा व अन्य उपस्थित थे।

Exit mobile version