कांग्रेस ‘वीबी-जी राम जी’ अधिनियम को लेकर सियासी बयान बाजी भाजपा

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) अधिनियम के बारे में कांग्रेस के दावों को ‘‘बेबुनियाद’’ बताकर शनिवार को खारिज कर दिया। भाजपा ने विपक्षी दल पर केंद्र की ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के बारे में लोगों को गुमराह करने के लिए ‘‘प्रायोजित दुष्प्रचार’’ करने का आरोप लगाया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि वीबी-जी राम जी अधिनियम के कार्यान्वयन से पारदर्शिता आएगी और एक ईमानदार प्रणाली बनेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना अब निरस्त हो चुके महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की तुलना में मजदूरों को अधिक लाभ प्रदान करेगी।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य त्रिवेदी ने कहा, ‘‘संसद सत्र के दौरान चर्चा में हिस्सा लेने के बजाय विदेश यात्रा पर जाना और देश लौटने के बाद (सरकार की) नीतियों पर हमला करना राहुल गांधी की आदत बन गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट रूप से बताना चाहता हूं कि कांग्रेस की ओर से किया जा रहा प्रायोजित और भ्रामक दुष्प्रचार बेबुनियाद है।’’

त्रिवेदी ने कहा कि वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत कार्यदिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है और इस योजना को जल संरक्षण, बुनियादी ढांचे, जलवायु परिवर्तन और आजीविका से जुड़ी अन्य योजनाओं के साथ जोड़ा गया है। ‘‘ग्राम पंचायतें निर्णय लेंगी। इसे ‘पीएम गति शक्ति’ जैसे बड़े कार्यक्रमों से जोड़ा गया है, ताकि गांवों के लोगों को उनके गांव के आसपास हो रही विकास गतिविधियों के बारे में पता चल सके।’’

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मनरेगा को ‘भ्रष्टाचार के साधन’ में बदल दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य दल वीबी-जी राम जी अधिनियम के खिलाफ हैं, क्योंकि वे इस कानून के संक्षिप्त नाम में शामिल ‘राम’ से परेशान हैं।त्रिवेदी ने आरोप लगाया, ‘‘इससे ​​पता चलता है कि अगर भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म से जुड़े किसी भी प्रतीक का अप्रत्यक्ष संदर्भ भी दिख जाता है, तो कांग्रेस इसे स्वीकार नहीं कर सकती है।’’(भाषा )

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button