वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर ख़त्म, बढ़ेगी सर्दी

जयपुर, उत्तर भारत से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होने के साथ ही राजस्थान में मौसम अब स्थिर होता दिख रहा है। पूरे राज्य में आसमान साफ रहा और दिन में हल्की-गर्म धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अनुमान जताया है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और उत्तरी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे सुबह और शाम की सर्दी में तेजी से बढ़ोतरी होगी।

बीते 24 घंटों के दौरान बीकानेर, चूरू, गंगानगर, पिलानी जैसे उत्तरी जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। यहां दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा। ठंढी उत्तरी हवाओं के असर से लोगों ने हल्की सर्दी महसूस की। दक्षिण और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में धूप खिलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई।

राज्य में ठंडी हवाओं के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी

दिन में धूप रहने के बावजूद रात के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। आसमान से बादल छंटने और हवा का रुख उत्तर की ओर होने से कई शहरों में न्यूनतम तापमान 3 से 8 डिग्री तक नीचे चला गया। नागौर में रात का पारा 8.9 डिग्री गिरकर 12.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीकानेर में तापमान 6.2 डिग्री गिरकर 16 डिग्री, जोधपुर में 4.7 डिग्री गिरकर 18 डिग्री और उदयपुर में 6.2 डिग्री की गिरावट के साथ 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़े : राजधानी दिल्ली में घनी धुंध, हवा में घुलता जा रहा है प्रदूषण

मौसम विभाग के अनुसार, अब अगले 24 से 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे विशेषकर सुबह और देर शाम के समय ठंढक और बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल किसी नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर नहीं है। इस कारण अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। उत्तरी हवाएं लगातार चलने से तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button