भाई के कमरे से आभूषण चुराने वाली युवती गिरफ्तार
हैदराबाद,साइबराबाद की जगतगिरिगुट्टा पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग व कैसिनों में लाखों रुपये हारने वाली युवती को भाई के कमरे से सोने-चांदी के आभूषणों समेत नकदी चुराने के मामले में गिरफ्तार किया।
बालानगर संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त पी. नरेश रेड्डी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि गत 5 जुलाई की रात गाजूलारामाराम के शिरडी हिल्स में रहने वाला सुब्रमण्यम श्रीकांत अपने माता-पिता के साथ कार की पूजा के सिलसिले में कर्मनघाट स्थित मंदिर गया हुआ था। वापस आने पर उसके कमरे की अलमारी से 12 तोला सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण व नकदी चुरा ली गई थी।
युवकों की गिरफ्तारी, गहनों और नकद की खुली पोल
शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के तहत श्रीकांत की बहन की भूमिका उजागर हुई। सीसीटीवी फुटेज दिखाकर पूछताछ करने पर वह टूट गई और अपने दोस्तों कार्तिक, अखिल के साथ मिलकर चोरी करने का खुलासा कर दिया।एसीपी ने बताया कि आरोपी युवती ऑनलाइन सट्टेबाजी में लिप्त थी, उसने लगभग 5 लाख रुपये भी इस खेल में गंवा दिया था। इसी वजह से उस पर कर्ज भी चढ़ गया था।
कर्ज को चुकता करने की वजह से ही उसने कार्तिक, अखिल के साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी की योजना बनाई। घटना वाले दिन उसने अपनी भाभी के पर्स से कमरे की चाबियां चुरा ली थी। चोरी के बाद आरोपियों ने आभूषणों को अट्टिका गोल्ड लोन में गिरवी रख दिया। तीनों को गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



