मारवाड़ी युवा मंच ग्रेटर हैदराबाद की नई कार्यकारिणी चयनित

हैदराबाद, मारवाड़ी युवा मंच ग्रेटर हैदराबाद द्वारा फीलखाना स्थित विष्णु फायर वर्क्स प्रांगण में आयोजित कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर में 77वें गणतंत्र दिवस पर शाखा अध्यक्ष महेन्द्र भंडारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अवसर पर दो वर्ष के लिए नई कार्यकारिणी चयनित की गई।

आयोजित शिविर में नेल्लूर से पधारे दिव्यांग मल्लिकार्जुन ने राष्ट्रगान को बाँसुरी की धुन पर बजाकर सबको देशभक्ति की भावना से भावुक किया। तत्पश्चात चुनाव अधिकारी संस्थापक ललित जैन बंदा मुथा द्वारा नियमानुसार मारवाड़ी युवा मंच, ग्रेटर हैदराबाद की आगामी कार्यकारिणी का अगले दो वर्षों के लिए सर्वसम्मति से चयन कर उन्हें शपथ दिलाई गयी। नवचयनित अध्यक्ष धीरज चौधरी, उपाध्यक्ष जितेन्द्र मुणोत, विक्रम आई.आई.डब्ल्यू, महामंत्री गौतम सालेचा, सहमंत्री प्रवीण ढेलड़िया, कोषाध्यक्ष शांतिलाल पारेख का साफा, तिलक, शॉल व माला द्वारा बहुमान किया गया।

इसके पूर्व निर्वतमान अध्यक्ष महेन्द्र भंडारी, उपाध्यक्ष ललित सालेचा, विक्रम आई.आई.डब्ल्यू, महामंत्री जितेन्द्र मुणोत, सहमंत्री मुकेश बागरेचा, कोषाध्यक्ष राहुल भंसाली व प्रचार-प्रसार मंत्री भरत कटारिया का साफा, तिलक, शॉल व माला द्वारा बहुमान किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष महेन्द्र भंडारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मंच उनके लिए गर्व, कृतज्ञता और भावुकता का संगम है, क्योंकि आज अध्यक्षीय कार्यकाल पूर्ण हो रहा है।

कार्यकाल की सफलता का श्रेय प्रकल्प संयोजकों को

सच कहूँ तो यह केवल एक पद का समापन नहीं, बल्कि अनगिनत यादों, अनुभवों और रिश्तों का उत्सव है। इस कार्यकाल की सफलता का वास्तविक श्रेय उन सभी प्रकल्प संयोजकों और टीम सदस्यों को है, जिन्होंने बिना थके, बिना रुके सेवा को ही अपना धर्म मानकर कार्य किया। हर प्रकल्प में आपकी मेहनत, समर्पण और टीम भावना साफ दिखाई दी। दिल से आप सभी का आभार व्यक्त करता हूँ।

आपके बिना यह कार्यकाल अधूरा रहता। उन्होंने कहा कि संस्था के संस्थापक व दूरदर्शी ललित जैन न केवल एक संस्था नहीं बनाई, बल्कि सेवा की एक सोच, युवाओं के लिए एक दिशा और समाज के लिए मजबूत आधार दिया। आज हम जो कुछ भी हैं, जो पहचान हमें मिली है, वह आपके बीज बोने का ही परिणाम है। हम सभी आपके ऋणी हैं और सदैव रहेंगे। अपने कार्यकारिणी साथियों, पूर्व अध्यक्षों, मार्गदर्शकों और परिवार का हृदय से धन्यवाद व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने हर कदम पर साथ दिया। आज पद के दायित्व से विमुक्त हो रहा हूँ, लेकिन संस्था से नहीं।

कार्यकाल के अंतिम पलों में कृत्रिम अंग शिविर ने दी पहचान

अध्यक्ष के रूप में नहीं, बल्कि साधारण कार्यकर्ता के रूप में हमेशा मंच के लिए उपलब्ध रहूँगा। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि मारवाड़ी युवा मंच ग्रेटर हैदराबाद सदैव सेवा, संस्कार और संगठन का प्रतीक बना रहे। कार्यकाल के अंतिम पलों मे कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर ने कार्यकाल को स्वर्णिम बना दिया। निवर्तमान महामंत्री जितेन्द्र मुणोत ने कहा कि सरल स्वभावी महेन्द्र भंडारी के साथ मंत्री पद की जिम्मेदारी से सेवा कार्य करने का जो स्वर्णिम अवसर मिला, वह हमेशा जीवन की यादों में अविस्मरणीय रहेगा। आप सभी युवा साथियों को अपार सहयोग के लिए धन्यवाद व आभार।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष धीरज चौधरी ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, ग्रेटर हैदराबाद के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी का प्रभार आप सभी ने जो दिया है, यह बहुत बड़ा दायित्व है। यह आप सभी के सहयोग के बिना निभाना मुश्किल है। आप सभी सहयोग प्रदान करेंगे, यह मुझे न केवल आशा है, बल्कि पूर्ण विश्वास है। आप सभी का हृदय से धन्यवाद व आभार। नवनिर्वाचित महामंत्री गौतम सालेचा ने कहा कि मंत्री पद पर चयनित करने के लिए संस्थापकों व सदस्यों को धन्यवाद।

यह भी पढ़ें… राजस्थानी शिक्षा समिति की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ

सेवा प्रकल्प “अबोल पक्षी करें पुकार” में प्रमुख योगदानकर्ता सम्मानित

आप सभी को विश्वास दिलाता हूँ कि युवा मंच के सेवा कार्यों में और नए प्रकल्प जोड़कर किर्तिमान स्थापित करने की पूरी कोशिश करेंगे। आज चुनावी सभा में उपस्थित मुख्य अतिथि मारवाड़ी युवा मंच, आंध्रा तेलंगाना प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष मनीष नाहर, अखिल भारतीय युवा मंच राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री रोहित अग्रवाल, राष्ट्रीय चेयरमैन संगठन विस्तार फोरम दिनेश बालड़, स्वास्थ्य (हेल्थ) फोरम के राष्ट्रीय चैयरमेन ललित जैन, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष महेश उपाध्याय, पूर्व प्रांतीय कोषाध्यक्ष राजेश बालड़, कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण विशेषज्ञ सूर्य नारायण पांडे व उनकी टीम का शॉल, साफा,माला व स्मृति चिह्न द्वारा बहुमान किया गया।

सेवा प्रकल्प अबोल पक्षी करें पुकार, बनो हमारे तारणहार के लिए धीरज चौधरी, शांतिलाल पारेख, गौतम सालेचा व प्रवीण ढ़ेलड़िया, नोट बुक वितरण के लिए शांतिलाल पारेख व गौतम सालेचा, कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर के लिए इन्द्र मेहता, राजेश बालड़, प्रवीण कोठारी, महावीर बागरेचा व धीरज चोरड़िया, आनंद सबके लिए हेतु इन्द्र मेहता, मुकेश बागरेचा, गौतम बागरेचा व क्रांति सोलंकी, वॉकाथन के लिए हरीश मुणोत, स्वास्थ्य (हेल्थ) प्रकल्प के लिए धीरज चौधरी व प्रवीण जैन, नेत्रदान के लिए राजेश बालड़ को पिछले कार्यकाल में सेवा प्रकल्पों के संयोजक व उदय गोल्डन शाखा के पदाधिकारियों का स्मृति चिह्न द्वारा सम्मान किया गया।

सह मंत्री प्रवीण ढेलड़िया ने नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही सेवा कार्य के प्रकल्प अबोल पक्षी करें पुकार, बनो हमारे तारणहार के तहत और एक वर्ष के लिए पक्षियों को रोज दाने डालने की घोषणा के साथ संपूर्ण वर्ष के लाभार्थी परिवार केशवना निवासी व हैदराबाद-चेन्नई प्रवासी जुगराज चंपालाल छाजेड़ तथा जसवंत जुगराज छाजेड़ की अनुमोदना की। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन दिनेश बालड़ व जितेन्द्र मुणोत ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दिनेश बालड़ ने व्यक्त किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button