हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम ने लोकभवन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की ओर से नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए विश्वविद्यालय की प्रगति तथा गतिविधियों से राज्यपाल को अवगत कराया।
राज्यपाल ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में हुए हालिया घटनाक्रमों पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए शैक्षणिक, प्रशासनिक और संस्थागत प्रगति में आई तेजी की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा विश्वविद्यालय के बुनियादी ढाँचे को सुदृढ़ करने के लिए स्वीकृत की गई 1,000 करोड़ रुपये की निधि की प्रशंसा कर इसे उस्मानिया विश्वविद्यालय की 108 साल पुरानी विरासत में एक मील का पत्थर बताया। राज्यपाल ने कहा कि यह दूरदर्शी आर्थिक समर्थन उच्च शिक्षा के प्रति राज्य सरकार की अटूट प्रतिबद्धता और उस्मानिया विश्वविद्यालय को विश्व के अग्रणी विश्वविद्यालयों के समकक्ष स्थापित करने के संकल्प को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें… विकसित भारत के विजन को साकार करने में सिविल सेवाओं की गुणवत्ता निर्णायक- उपराष्ट्रपति
फरवरी में होने वाले कुलपतियों सम्मेलन में भाग लेने का आमंत्रण
कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम ने राज्यपाल को उस्मानिया विश्वविद्यालय की डायरी, कैलेंडर और एक वर्षीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक के दौरान शिक्षण तथा शोध गुणवत्ता में सुधार, अवसंरचना संवर्धन, संकाय और छात्र कल्याण, विश्वविद्यालय के दीर्घकालिक दृष्टिकोण, रणनीतिक प्राथमिकताओं, विभिन्न शैक्षणिक, अनुसंधान, प्रशासनिक और विकासात्मक पहलों पर विस्तृत और गहन चर्चा की गई।
कुलपति ने राज्यपाल को फरवरी माह में उस्मानिया विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले कुलपतियों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।असोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के सहयोग से आयोजित होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन में आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के लिए ज्ञान और नवाचार विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और क्वांटम प्रौद्योगिकियों को प्रभावी ढंग से अपनाने के लिए तैयार करना, समकालीन शैक्षणिक पद्धतियों को अपनाना, नवाचार को बढ़ावा देना और उच्च शिक्षा संस्थानों का तकनीकी रूपांतरण करना है।
प्रो.मोलुगरम ने राज्यपाल को आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया। निमंत्रण स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने उस्मानिया विश्वविद्यालय समुदाय को प्रगतिशील और सफल वर्ष के लिए शुभकामनाएँ दीं। अवसर पर उस्मानिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. जी. नरेश रेड्डी, राज्यपाल के प्रधान सचिव एम. दाना किशोर सहित अन्य उपस्थित थे।
