मजलिस विधायक की पत्नी ने सरपंच पद के लिए भरा पर्चा
हैदराबाद, मेदक जिले के छोटे से गांव बस्वापुर में इस बार सरपंच चुनाव बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। हैदराबाद की कारवान विधानसभा सीट से दो बार के विधायक सैयद कौसर मोहिउद्दीन की पत्नी और जीएचएमसी की पूर्व पार्षद नजमा सुल्ताना ने आज सरपंच पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया।बताया गया कि मोहिउद्दीन का जन्म बस्वापुर (वेलदूर्ति) में हुआ था, बाद में वह हैदराबाद जाकर मजलिस पार्टी से जुड़े और 2018 व 2023 में लगातार दो बार करवान विधानसभा सीट जीतकर विधायक बने।
उनकी पत्नी नजमा सुल्ताना भी नानल नगर संभाग से दो बार पार्षद चुनी जा चुकी हैं। हैदराबाद में बसने के बावजूद मोहिउद्दीन का अपने गांव से जुड़ाव हमेशा कायम रहा। वर्ष 2019 के सरपंच चुनाव में मोहिउद्दीन के बेटे ने भी बस्वापुर से चुनाव लड़ा था। उस समय गांव में कुल 699 वोट थे, लेकिन वह बीआरएस उम्मीदवार मल्लेश गौड़ से हार गए थे। इस बार मोहिउद्दीन ने अपनी पत्नी को मैदान में उतारने का फैसला किया, यहां मतदान 17 दिसंबर को होगा।
मेदक के छोटे से गांव में बड़ा चुनावी मुकाबला तय
सूत्रों के अनुसार मोहिउद्दीन गांव के विकास का भरोसा देते हुए स्थानीय नेताओं से सर्वसम्मति से सरपंच चुनने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बावजूद बस्वापुर के पंथुलपल्ली के एक युवा ने चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे मुकाबला एकतरफा होने के बजाय दिलचस्प और कड़ा होने की संभावना है। गांव के लोग भी अब उत्सुकता से देख रहे हैं कि बस्वापुर की अगली बागडोर किसके हाथों में जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



