तिरुवाथिरा नृत्य : केरल की संस्कृति और स्री ऊर्जा का उत्सव
तिरुवाथिरा, जिसे कैकोट्टीक्कलि भी कहा जाता है, केरल की पारंपरिक लोकनृत्य शैली है जो मुख्य रूप से महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप में प्रस्तुत की जाती है। यह नृत्य ओणम, तिरुवाथिरा और केरल के विभिन्न त्योहारों पर खास स्थान रखता है। इसका आयोजन मुख्यत मलयालम कैलेंडर के धनु महीने (दिसंबर-जनवरी) एवं ओणम के अवसर पर किया जाता है और यह शिव-पार्वती के विवाह तथा चिर वैवाहिक सुख की कामना से जुड़ा हुआ है।

तिरुवाथिरा नृत्य का मंचन गोल घेरे में किया जाता है, जिसमें आठ-दस या उससे अधिक महिलाएं पारंपरिक केरल पोशाक (कसवू साड़ी या मुंडू-नेरियथु) पहनकर सम्मिलित होती हैं। बालों में चमेली या दसपुष्पम फूलों का गजरा भी सजाया जाता है। केंद्र में निला विलक्कू (दीपक) रखा जाता है, जिसके चारों ओर महिलाएं तालबद्ध गीत गाते, ताली बजाते और लयबद्ध गतियों के साथ घूमती हैं। नृत्य की शुरूआत गणेश और सरस्वती वंदना से होती है, जिसमें शिव-पार्वती की कथाएँ, लोकगीत और कथकली की धुनें भी शामिल हो जाती हैं।
स्त्री शक्ति और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है तिरुवाथिरा
इस नृत्य की लय में कुम्मी (ताली के साथ ताल मिलाना) और लास्य (कोमलता) की झलक देखने मिलती है। इसकी प्रमुख बात यह है कि इसमें किसी तालवाद्य या वाद्य यंत्र का प्रयोग नहीं होता, ताली और स्वर ही संगीत बनाते हैं। तिरुवाथिरा नृत्य स्त्रा शक्ति, सौंदर्य, पारिवारिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है। पौराणिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव ने पार्वती से विवाह किया था और यही कारण है कि केरल की महिलाएँ चिर वैवाहिक सुख तथा अपने परिवार की खुशहाली के लिए इस नृत्य को करती हैं।
यह भी पढ़े: पूक्कलम : ओणम की सांस्कृतिक पुष्प रचना
तिरुवाथिरा से जुड़े अनेक अनुष्ठानों में उपवास, स्नान, पूजा और विशेष भोज सम्मिलित हैं। एट्टांगड़ी (एक खास भोज्य पदार्थ) एवं तिरुवाथिरा पुजुक्कू इस उत्सव के अवसर के विशेष प्रसाद हैं। आज तिरुवाथिरा नृत्य केरल की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन गया है। इसके माध्यम से महिलाएँ न केवल अपनी कला, श्रद्धा और समर्पण को प्रस्तुत करती हैं, बल्कि सामाजिक समरसता व एकता का संदेश भी देती हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



