संक्रांति त्यौहार के दौरान हैदराबाद-विजयवाड़ा राजमार्ग पर ठप न हो यातायात : कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी
हैदराबाद, सड़क एवं भवन निर्माण मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने संक्रांति के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्गों, विशेष कर हैदराबाद-विजयवाड़ा राजमार्ग पर यातायात समस्या निवारण के लिए सभी एहतियात कदम उठाने के आदेश दिये। उन्होंने सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर संक्रांति पर्व के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात समस्या से बचने के लिए उठाये जाने वाले कदमों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पिछले अनुभवों को ध्यान में रखकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि गाड़ी चलाने वालों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सीएम रेवंत रेड्डी ने इस मुद्दे पर ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि 8 जनवरी से हैदराबाद विजयवाड़ा मार्ग पर भारी यातायात रहेगा।
इस मार्ग पर हर दिन लगभग एक लाख गाड़ियों का आवागमन होगा। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि बुधवार को वह स्वयं तूप्रान पेट और अब्दुल्लापुरमेट क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। विशेषकर एल.बी. नगर, वनस्थलीपुरम, हयातनगर, रामोजी फिल्म सिटी क्षेत्रों में हजारों गाड़ियाँ होंगी। इन क्षेत्रों में किसी भी हालत में यातायात जाम नहीं होनी चाहिए। त्यौहारों की भीड़ के दौरान सड़कों को बंद न करें। सड़कों पर भारी मशीनरी से काम न करें।
यह भी पढ़ें… ड्रग्स मामले की जाँच तेज हो : बंडी संजय
रात में सड़क कार्य और वैकल्पिक मार्ग के लिए हाई-विजिबिलिटी उपाय
अगर बहुत जरूरी हो तो रात में ही करें, जब वाहनों की संख्या कम हो। सड़कों से मिट्टी, कीचड़, निर्माण सामग्री और मशीनरी पूरी तरह हटा दें। जहाँ भी सड़क का काम हो रहा है, वहाँ दिन-रात साफ-साफ दिखने वाले बोर्ड लगाए जाएँ। साथ ही वैकल्पिक मार्ग साफ-साफ दिखाने के लिए हाई-विजिबिलिटी कोन और बैरिकेड लगाए जाएँ। कहीं भी ऐसा कोई इंतजाम न हो, जिससे वाहन चालकों में असमंजस हो। चौराहे, टोल प्लाजा और विशेष क्षेत्रों, जहाँ भारी यातायात होता है, वहाँ अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए जाएँ। यातायात नियंत्रण के लिए स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय से काम करें।
राजमार्ग पेट्रोल वाहन, क्रेन और एंबुलेंस को चौबीस घंटे तैयार रखना चाहिए। सड़क हादसों पर स्पेशल इंसिडेंट मैनेजमेंट कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी जानी चाहिए। गाड़ियाँ टोल प्लाजा पर न रुके, इसके लिए अतिरिक्त दलों को तैनात किया जाए। बैठक में सरकार के विशेष मुख्य सचिव विकास राज, यादाद्री भुवनगिरी जिलाधीश हनुमंत राव, नलगोंडा जिलाधीश इला त्रिपाठी, सूर्यापेट जिलाधीश तेजस नंदलाल पवार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी शिव शंकर, पुलिस उच्च अधिकारियों आदि ने भाग लिया।
संक्रांति के लिए हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल फीस माफ करें
कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर संक्रांति त्यौहार के दौरान हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्री परिवहन की अनुमति देने की अपील की। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि 9 से 14 जनवरी तक हैदराबाद-विजयवाड़ा मार्ग पर और 16 से 18 जनवरी तक विजयवाड़ा-हैदराबाद मार्ग पर टोल फ्री यात्रा की अनुमति दी जाए। इसके लिए टोल प्लाजा के पास फ्री वे दी जाए। अनिवार्य हो तो फ्री वे सुविधा के लिए सड़क व भवन विभाग की ओर से नाममात्र शुल्क का भुगतान करने हम तैयार हैं। संक्रांति त्यौहार के दौरान दो सौ प्रतिशत अतिरिक्त यातायात रहेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



