तुम्मला ने किया हथकरघा वस्त्र प्रदर्शनी का उद्घाटन
हैदराबाद, मंत्री तुम्माला नागेश्वर राव ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर नेकलेस रोड स्थित पीपुल्स प्लाजा में हथकरगा वस्त्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। अवसर पर उन्होंने कोंडा लक्ष्मण बापूजी हथकरघा पुरस्कार के लिए चुने गए कलाकारों को सम्मानित किया। वस्त्र प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल लगाये गये हैं। मंत्री ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से कारागार विभाग के स्टॉल में वस्त्रां का निरीक्षण कर उनके कार्यों की सराहना की।
मंत्री ने कहा कि तेलंगाना राज्य हथकरघा श्रमिकों के कल्याण और विकास में पहले स्थान पर है। इसी तरह जियो-टैगिंग में भी सबसे आगे है। हथकरघा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। हस्तकला पीढ़ी-दर-पीढ़ी विरासत में मिली है। इस कला को संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है। तेलंगाना राज्य ने हथकरघा क्षेत्र में देश भर में विशेष पहचान हासिल की है।
गदवाल, नारायणपेट, पोचमपल्ली इक्कत, सिद्दिपेट गोलाभामा, वरंगल दरी, करीमनगर बेडशीट जैसे उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं। सरकारी विभागों को हथकरघा उत्पादों की खपत बढ़ाने के लिए टेस्को के माध्यम से वस्त्र खरीदने का निर्देश दिया गया है। भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर हथकरघा कला को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि किसी भी समस्या के समय सरकार हथकरघा श्रमिकों के साथ खड़ी रहेगी।
वस्त्र विभाग की प्रधान सचिव शैलजा रामैयार ने बताया कि हथकरघा ऋणों की माफी के लिए 33 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। हथकरघा श्रमिकों के लिए नेतन्ना भरोसा योजना शुरू की गई है। कोंडा लक्ष्मण बापूजी आईआईएचटी शुरू किया गया है। इसमें 120 छात्रों को प्रवेश दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





