पाकिस्तान में पोलियो के दो और मामले : इस साल कुल संख्या 21 हुई
पाकिस्तान, पाकिस्तान में पोलियो वायरस के दो और मामले सामने आए हैं, जिससे इस वर्ष अब तक कुल मामलों की संख्या 21 हो गई है। यह जानकारी सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट में दी गई। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान अभी भी ऐसे देश हैं जहां पोलियो स्थानिक रूप से मौजूद है।
रिपोर्ट में बताया गया कि खैबर पख्तूनख्वा से पीड़ित एक छह साल की बच्ची है, जबकि सिंध में 21 महीने की एक बच्ची इस बीमारी की चपेट में आई है। यह जानकारी पोलियो उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के क्षेत्रीय संदर्भ प्रयोगशाला के हवाले से दी गई है।
इन मामलों के साथ, देश में 2025 में पोलियो के कुल मामलों की संख्या 21 हो गई है, जिनमें से 13 मामले खैबर पख्तूनख्वा से और छह सिंध से हैं। पंजाब प्रांत और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र से भी अब तक एक-एक मामला सामने आया है। पोलियो उन्मूलन के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद देश में इस बीमारी के मामलों में वृद्धि हो रही है।
खैबर पख्तूनख्वा में दर्ज हुआ 2025 का 19वां पोलियो मामला
इस महीने की शुरुआत में, खैबर पख्तूनख्वा में इस वर्ष का 19वां पोलियो मामला दर्ज किया गया था। 1 से 7 सितंबर तक एक उप-राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया है, जिसका लक्ष्य सभी प्रांतों और क्षेत्रों के 99 जिलों में पांच वर्ष से कम आयु के 28 मिलियन से अधिक बच्चों का टीकाकरण करना है, जैसा कि रिपोर्ट में बताया गया है।
यह भी पढ़े: पाकिस्तान में यात्री ट्रेन पटरी से उतरी : 30 घायल
पाकिस्तान में 2023 में पोलियो के छह मामले और 2021 में केवल एक मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, देश में 2024 में पोलियो वायरस के मामलों में भारी वृद्धि देखी गई थी, जब 74 मामले सामने आए थे। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





