तेलंगाना में दो सनसनीखेज घटनाएँ बेटी ने पिता को जलाया, पति ने दी जान
हैदराबाद, तेलंगाना में शुक्रवार को दो अलग-अलग दिल दहला देने वाली घटनाएँ सामने आईं एक में बेटी ने अपने ही पिता को संपत्ति के लिए आग के हवाले कर दिया, तो दूसरी में एक पति ने अपनी पत्नी का विवाह उसके प्रेमी से कराने के बाद आत्महत्या कर ली।
बेटी ने पिता पर पेट्रोल डालकर लगाई आग
पहली घटना विकाराबाद जिले के यालाल मंडल के बेन्नूर गांव की है, जहाँ 2 एकड़ जमीन और मकान के मालिक कुम्मरी कृष्णा को उनकी बेटी अनीता और दामाद अर्जुन ने संपत्ति अपने नाम करने के लिए दबाव डाला। जब कृष्णा ने इंकार किया, तो दोनों ने मिलकर उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे कृष्णा को पहले तांडुर के सरकारी अस्पताल और फिर हैदराबाद रेफर किया गया। पुलिस ने अनीता और अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी की शादी प्रेमी से कराई, फिर पति ने की आत्महत्या
दूसरी घटना खम्मम जिले के सत्तू पल्ली की है, जहाँ 28 वर्षीय शेख गौस ने अपनी पत्नी का विवाह उसके प्रेमी से कराने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आठ साल पहले शादीशुदा और तीन बेटियों के पिता गौस की पत्नी का गांव के एक युवक से प्रेम संबंध था। जब बात सामने आई, तो गौस ने दोनों की शादी हिंदू रीति से कराई और अगले ही दिन घर लौटकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गौस की मृत्यु से तीनों बेटियाँ अनाथ हो गईं। दोनों घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है एक ने पारिवारिक लालच की हद दिखाई, तो दूसरी ने प्रेम और त्याग की त्रासदी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





