मंदिर से भगवान की मूर्तियाँ चुराने वाली दो बहनें गिरफ्तार

हैदराबाद, अंधविश्वास के चलते मंदिर से भगवान की मूर्तियाँ चुराने के मामले को लेकर एस.आर.नगर पुलिस ने दो बहनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से थाना परिधि के अंतर्गत गुरुमूर्ति नगर स्थित श्री विनायका मंदिर से चुराई गई गणेश भगवान और शंकर भगवान की दो मूर्तियाँ बरामद की गई। आज यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एस.आर. नगर डिवीज़न के एसीपी पी. वेंकटरमणा ने बताया कि मंदिर में चोरी की इस घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में एनबीटी नगर, बंजारा हिल्स निवासी दिवंगत सुनील कुमार की पत्नी आदिडाला स्वर्णलता (29) और उसकी बहन जे. वासुदेव की पत्नी जे. पवानी (26) को गिरफ़्तार किया गया। दोनों ने 8 मार्च की रात को मंदिर की गर्भगुड़ी से दो मूर्तियाँ चुरा ली थी। मंदिर खोलने आए पुजारी पी. नवीन कुमार ने मंदिर से दो मूर्तियाँ नदारद देखकर मंदिर के कार्यकारी अधिकारी (धर्मस्व विभाग) एस. नरेन्दर रेड्डी को जानकारी दी।

स्वर्णलता और उसकी बहन द्वारा मंदिर से मूर्तियाँ चोरी

नरेन्दर रेड्डी की शिकायत पर एस.आर. नगर पुलिस इंस्पेक्टर टी. श्रीनाथ रेड्डी ने मामला दर्ज कर छानबीन कर इन दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि नवंबर-2018 के दौरान स्वर्णलता के भाई की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद जनवरी-2019 के दौरान उसके भतीजे विवेक ने आत्महत्या कर ली थी।

मई-2020 के दौरान उसके बहनोई पी.वी. रमणा की कोविड के चलते मौत हो गई। इसी माह उसके पिता वेंकटरत्नम का भी बीमारी के चलते निधन हो गया था। इसके अलावा स्वर्णलता के पति सुनील कुमार की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस प्रकार परिवार के सदस्यों की सिलसिलेवार मौत होने के कारण स्वर्णलता परेशान हो गई और उसने एक पुजारी (बाबा) से संपर्क किया।

यह भी पढ़ें… चोरी का आरोप लगाने पर महिला व शिशु को जलाया

पुजारी ने उसके घर की इस समस्या को दूर करने के लिए घर में भगवान की दो मूर्तियाँ प्रतिष्ठित करने की सलाह दी। उसने बाजार में मूर्तियाँ खरीदने का प्रयास किया, लेकिन कीमत अधिक होने के कारण वह मूर्तियाँ खरीद नहीं पाई। इस कारण उसने अपनी बहन के साथ मिलकर मंदिर से मूर्तियाँ चुरा लीं। दोनों बहनों को आज गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button