चेवेल्ला में अनियंत्रित लॉरी ने सब्जी विक्रेताओं को रौंदा, 6 मरे
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र चेवेल्ला में तेज गति से चल रही अनियंत्रित लॉरी ने सड़क किनारे सब्जी बेचने वालों को रौंद दिया। समाचार लिखे जाने तक घटना में 6 लोगों के मरने और 10 घायलों में 7 के गंभीर होने की जानकारी मिली। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शोक व्यक्त किया और घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह हैदराबाद-बीजापुर हाईवे रोड पर चेवेल्ला, आलेरु की सड़क पर लगभग 50 से 60 विक्रेता सब्जी बेचने इकठ्ठा हुए थे, जबकि कुछ लोग सब्जी खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज गति से चल रही लॉरी अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गए और लगभग 50 लोगों को चपेट में ले लिया। कई लोगों को रौंदने के बाद लॉरी पेड़ से टकरा गई, जिससे पेड़ भी जड़ से उखड़ गया। लॉरी चालक केबिन में ही फंस गया। घटनास्थल पर ही आलेरु के रामुलू व प्रेम तथा खानापुर की सुजाता की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लगभग 10 घायलों में से 7 की स्थिति चिंताजनक बताई गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी मिलने के बाद चेवेल्ला, चंगीमूल पुलिस ने घटनास्थल का दौरा करते हुए राहत कार्यों को अंजाम दिया। बताया गया कि मृतकों में ज्यादातर आसपास के गांव में ही रहने वाले सब्जी विक्रेता हैं। वे अपने खेतों में ही सब्जी को उगाकर हाईवे पर बेच रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लॉरी काफी तेज गति से आ रही थी। कुछ दूरी पर ही कुछ लोगों ने लॉरी की अनियंत्रित स्थिति को भांप लिया और तेजी से पीछे हट गए, लेकिन नीचे बैठे होने की वजह से कई विक्रेता लॉरी की चपेट में आकर मौत का शिकार बन गए। घटना में कुछ विक्रेता लॉरी के दोनों टायरों के बीच बच निकलने में भी सफल रहे।
उल्लेखनीय है कि साइबराबाद की ट्रैफिक पुलिस पिछले कुछ दिनों से सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम कर रही है, ऐसे में यदि हाईवे पर इस तरह की गतिविधियों पर ट्रैफिक पुलिस की नजर पड़ती, तो आज यह घटना नहीं होती। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भी कोडंगल से निकलने के बाद इसी सड़क के रास्ते हैदराबाद जाने की जानकारी देते हुए सब्जी मंडी बनाने और विक्रेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। बताया गया कि विकाराबाद, चेवेल्ला में कई फार्म हाउस हैं। शनिवार, रविवार को यहां छुट्टी बिताने के बाद लोग रविवार की रात या फिर सोमवार की रात यहां से सब्जी खरीदकर ही अपने घर लौटते हैं, इसी वजह से व्यस्त सड़क के दोनों ओर कारों को ठहराने से ट्रैफिक की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ था। आज इतनी बड़ी सड़क दुर्घटना होने के बाद भविष्य में इस तरह की सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को विशेष नीति बनाने की आवश्यकता है।