राष्ट्र विरोधियों के खिलाफ हों एकजुट

स्वामीनारायण मंदिर के वर्षगांठ समारोह में मोदी का आह्वान

अहमदाबाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कुछ राष्ट्र विरोधी अपने निहित स्वार्थों के लिए समाज को बाँटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से उनके इरादों की गंभीरता को समझने और उन्हें हराने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। मोदी ने गुजरात के खेड़ा जिले के वडताल में श्री स्वामीनारायण मंदिर की 200वीं वर्षगाँ पर आयोजित समारोह को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एकता और अखंडता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों के बीच एकता और राष्ट्र की अखंडता महत्वपूर्ण है। लेकिन दुर्भाग्य से कुछ लोग अपने निहित स्वार्थों या संकीर्ण मानसिकता के चलते हमारे समाज को जाति, धर्म, भाषा, पुरुष-महिला, गांव-शहर के आधार पर बाँटने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अपने संबोधन में कहा, हमें इन राष्ट्र-विरोधियों के इरादों की गंभीरता को समझना होगा और उन्हें हराने के लिए एकजुट होना होगा। मोदी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए पहला महत्वपूर्ण कदम आत्मनिर्भरता है। उन्होंने स्वामीनारायण सप्रदाय के सभी संतों से अनुरोध किया कि वे भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने लक्ष्य को पूरा करने में देश के प्रत्येक नागरिक को जोड़ें। (भाषा)

Exit mobile version