यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने मनाया स्नातक दिवस
हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग द्वारा स्नातक दिवस मनाया गया। अवसर छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए 25 स्वर्ण पदक, 15 नकद पुरस्कार, 25 रैंक प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समारोह में मोसचिप टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के सीईओ तथा एमडी श्रीनिवास राव काकुमानु को विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार-2025 प्रदान किया।
उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुलपति तथा समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. कुमार मोलुगरम ने स्नातकों से नवाचार और अखंडता के मूल्यों को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की समृद्ध विरासत और इसके भविष्य के लिए अपने दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए छात्रों को सामाजिक आवश्यकताओं में अनसुलझी समस्याओं को हल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, स्मार्ट वर्क और नेटवर्क लक्ष्यों तक पहुँचने में सहायक सिद्ध होते हैं।
यह भी पढ़ें… उस्मानिया विश्वविद्यालय का 84वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित
कुमार मोलुगरम ने अच्छा जीवन जीने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग का अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि नवनिर्मित भीम छात्रावास शीघ्र ही छात्रों के लिए उपलब्ध होगा। साथ ही उन्होंने एक नए छात्रावास की भी घोषणा की। श्रीनिवास राव काकुमानु ने छात्रों, रैंक धारकों और स्वर्ण पदक विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. पी. चंद्रशेखर और उनकी टीम द्वारा कॉलेज के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
श्रीनिवास राव काकुमानु ने विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए प्राचार्य, संकाय और चयन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रीनिवास राव काकुमानु ने कहा कि हमारी सीएसआर पहल बुनियादी ढाँचे के विकास की पहल का समर्थन कर रही है। उन्होंने सभी आठ विभागों के टॉपरों को 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। अवसर पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्रिंसिपल प्रो. पी. चंद्रशेखर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कॉलेज के विकास पर प्रकाश डाला। स्नातक दिवस समारोह में प्रो. एल. शिवराम कृष्ण, प्रो. ए. कृष्णैया, प्रो. बी. मंगू, डॉ. पी. लोकेंद्र रेड्डी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, छात्र तथा अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



