राष्ट्रीय लोक अदालत को अभूतपूर्व प्रोत्साहन

हैदराबाद, राज्य भर की सभी अदालतों में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत को उल्लेखनीय प्रतिक्रिया मिली है। राज्य विधि सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव सी.एच. पंचाक्षरी ने बताया कि लोक अदालत में 11.06 लाख मामलों को निपटाया गया।

सी.एच. पंचाक्षरी ने बताया कि तेलंगाना विधि सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस पी. श्याम कौशी और उच्च न्यायालय विधि सेवा समिति के अध्यक्ष व जस्टिस मौसमी भट्टाचार्य के निर्देश पर राज्य भर में आयोजित लोक अदालत में निपटाए गए मामलों में 3.63 लाख मुकदमों में पूर्व के मामले और अदालत में लम्बित 7.43 मामले शामिल हैं। इन मामलों को निपटाकर लाभार्थियों को 595 करोड़ रुपये मुआवजे के भुगतान की घोषणा की गई।

सड़क दुर्घटना पीड़ित को 1.2 करोड़ रुपये का मुआवजा

सड़क दुर्घटना में घायल और विकलांगता का सामना कर रहे बी.टेक छात्र पवन कुमार को शनिवार को लोक अदालत के माध्यम से न्याय प्राप्त हुआ। उच्च न्यायालय विधि सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित लोक अदालत में न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी ने ट्रिब्यूनल द्वारा घोषित 98.3 लाख रुपये के मुआवजे के रूप में 6 प्रतिशत ब्याज दर के साथ कुल 1.2 करोड़ रुपये का भुगतान करने पर सहमति व्यक्त की।

यह भी पढ़े : लोक अदालत पुरानी व्यवस्था : जस्टिस पॉल

समिति के सचिव एम. शांतिवर्धिनी ने कहा कि मुआवजा राशि से संबंधित बैंक चेक उच्च न्यायालय विधि सेवा समिति के अध्यक्ष जस्टिस मौसमी भट्टाचार्य ने पीड़ित को सौंपा। उन्होंने कहा कि शनिवार को आयोजित लोक अदालत में उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जी.वी. सीतापति और जी. श्रीदेवी ने मामलों की सुनवाई की और 180 मामलों का निपटारा किया। जिनमें 36 पूर्व के मामले और 144 लम्बित मामले शामिल थे। लोक अदालत के माध्यम से 1,100 लोगों को लाभ हुआ और उन्हें मुआवजे के रूप में 12.16 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की गई।

Exit mobile version