शहरीकरण समस्या नहीं, अवसर : एनवीएस

हैदराबाद, हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (एचएमआरएल) के प्रबंध निदेशक एनवीएस रेड्डी ने कहा कि तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण को समस्या नहीं, बल्कि देश के विकास के लिए अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। यहां गच्चीबाउली स्थित आईटीसी कोहिनूर में आयोजित अखिल भारतीय आर्किटेक्चर रीकनेक्ट समिट में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए एन.वी.एस. रेड्डी ने कहा कि वास्तुकारों और निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञों को बढ़ती जनसंख्या, प्रदूषण, पर्यावरणीय संकट और यातायात जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए नवीन और तकनीकी समाधान खोजने चाहिए।

एन.वी.एस. रेड्डी ने जोर देकर कहा कि तकनीकी समाधानों को सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण से लागू करना जरूरी है। चीन की तरह औद्योगिक क्षेत्र को प्राथमिकता दी जाए और कृषि पर निर्भर आबादी को धीरे-धीरे उद्योग एवं शहरी ढांचे की ओर स्थानांतरित किया जाए तो भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर तेज़ी से बढ़ सकती है। हैदराबाद मेट्रो रेल कई नवाचारों की बदौलत आज देश की सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली बनी है, जो भीड़भाड़ और प्रदूषण की समस्या का प्रभावी समाधान है।

यह भी पढ़ें… राज्यपाल ने किया लिबरेशन ऑफ हैदराबाद फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन

हैदराबाद मेट्रो: सुरक्षित, ऊर्जा बचत और शहरी विकास

एन.वी.एस. रेड्डी ने कहा कि शहरों में गरीबी, आवास संकट और सार्वजनिक स्थानों की कमी अपराधों को बढ़ावा देती है। इसलिए सस्ते और सुलभ आवास, सुखद वातावरण वाले पार्क और खुले स्थान विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कोलंबिया के बोगोटा शहर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को भी शहरी विकास की दिशा में उससे प्रेरणा लेनी चाहिए। शहर गर्मियों में पानी की कमी और बरसात में बाढ़ जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं।

ऐसे में सिंगापुर की तरह वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने वाली संरचनाएँ निर्माण परियोजनाओं का हिस्सा होनी चाहिए। मेट्रो एमडी ने परिवहन उन्मुख विकास की अवधारणा पर बल देते हुए कहा कि मेट्रो मार्गों के किनारे बहुमंजिला आवासीय भवन, वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स और शैक्षणिक संस्थान विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि हैदराबाद मेट्रो रेल अपने ऊर्जा बचत उपायों और पर्यावरण अनुकूल कदमों की वजह से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार जीत चुकी है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद मेट्रो की लोकप्रियता का मुख्य कारण आरामदायक यात्रा, ऊर्जा की बचत और महिलाओं की सुरक्षा व सुविधाओं को प्राथमिकता देना है। कार्यक्रम के दौरान रेड्डी ने विभिन्न वास्तुशिल्प फर्मों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button