अमेरिका में पुतिन के सहयोगी की संपत्ति का प्रबंधन करने वाली कंपनी पर 71 लाख डॉलर जुर्माना
वाशिंगटन, अमेरिका के वित्त विभाग ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी उद्योगपति ओलेग देरिपस्का की आलीशान रियल एस्टेट संपत्तियों का प्रबंधन करके पाबंदियों का उल्लंघन करने के आरोप में न्यूयॉर्क में स्थित एक कंपनी पर 71 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया है।
वित्त विभाग के विदेशी संपत्तियां नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) ने कहा कि ग्रेसटाउन इंक नामक संपत्ति प्रबंधन कंपनी को देरिपस्का के स्वामित्व वाली एक कंपनी की ओर से अप्रैल 2018 से मई 2024 के बीच 24 बार भुगतान के जरिये कुल 31,250 अमेरिकी डॉलर की राशि हासिल हुई। ओएफएसी ने कहा कि उसने ग्रेसटाउन को नोटिस जारी कर कहा था कि देरिपस्का के साथ लेनदेन पर प्रतिबंध है, लेकिन कंपनी लेनदेन करती रही।
अमेरिकी जांच में वित्तीय नियमों के उल्लंघन का खुलासा
देरिपस्का 2018 से आर्थिक पाबंदियों का सामना कर रहे हैं जब वित्त मंत्रालय ने उन पर वरिष्ठ रूसी अधिकारियों के इशारे पर काम करने और रूस के ऊर्जा क्षेत्र में कारोबार करने का आरोप लगाया था। इसके बाद अमेरिका में उनकी संपत्तियों पर रोक लगा दी गई थी। इसके अलावा अमेरिकी नागरिक और कंपनियां भी पाबंदियों के तहत देरिपस्का के साथ कामकाज नहीं कर सकतीं।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



