हैदराबाद , हैदराबाद, जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। विधानसभा क्षेत्रों में कुल 4.01 लाख पंजीकृत मतदाता हैं । सुबह 11 बजे तक 20.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के निवर्तमान विधायक मागंटी गोपीनाथ के निधन के बाद यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। 58 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन मुख्य त्रिकोणीय मुकाबला बीआरएस के दिवंगत विधायक की पत्नी सुनीता, कांग्रेस के नवीन यादव और भाजपा के लंका दीपक रेड्डी के बीच है।
सुबह 11बजे तक 20.76 प्रतिशत मतदान दर्ज
मतदान प्रतिशत पर कड़ी नज़र रखी जा रही है, क्योंकि यह नतीजों में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। पिछले विधानसभा चुनावों में, जुबली हिल्स में 2014 में 50.18%, 2018 में 45.59% और 2023 में 47.58% मतदान हुआ था। लोकसभा चुनावों के दौरान, इस निर्वाचन क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम मतदान हुआ था 2019 में 39.89% और 2024 में 45.59% मतदान हुआ था।
जिला चुनाव अधिकारी व ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के आयुक्त आर.वी. कर्णन ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान सुचारू रूप से कराने के लिए सभी व्यवस्थाएँ की गई हैं।
मतदान के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों के अलावा लगभग 1,800 पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पहली बार, केंद्रीकृत हवाई निगरानी और वास्तविक समय में स्थिति विश्लेषण के लिए सभी मतदान स्थलों पर ड्रोन निगरानी तैनात की जा रही है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “स्ट्राइकिंग फोर्स” और कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए मोबाइल दस्ते तैनात गए हैं। 68 मतदान केंद्रों पर सीआरपीएफ तैनात है। सभी मतदान केंद्रों पर वास्तविक समय की निगरानी के लिए वेब-कास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एस. एस. राजामौली और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) उम्मीदवार मगंती सुनीता शुरुआती मतदाताओं में शामिल हैं। राजामौली ने शेखपेट स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालाI
आचार संहिता उल्लंघन पर गैर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मामला दर्ज
आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में गैर-स्थानीय जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध मामला दर्ज जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मतदान के संबंध में चुनाव अधिकारियों ने संबंधित पुलिस थाने में कुछ गैर-स्थानीय विधायकों और विधान पार्षदों के विरुद्ध मामला दर्ज किया हैI जिन्होंने आज आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन करते हुए निर्वाचन क्षेत्र में प्रवेश किया।
यह भी पढ़े– आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर
