मिलकर आगे बढ़ना होगा : मुर्मू
हैदराबाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि दीप प्रज्ज्वलित करने से सभी को अंधकार से प्रकाश की ओर और अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने का संदेश मिलता है। राष्ट्रपति ने आज यहाँ एनटीआर स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किये जा रहे कोटि दीपोत्सव – 2024 में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया।
राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने भी इसमें भाग लिया। इनके अवाला केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, पंचायती राज व ग्रामीण विकास मंत्री सीतक्का भी उनके साथ थे। इस मौके पर राष्ट्रपति ने कोटि दीपोत्सवम में पुरी के भगवान जगन्नाथ की विशेष पूजा की और यादगिरी गुट्टा श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी को रेशम के कपड़े भेंट किये। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि समृद्ध तेलुगु कला संस्कृति और विरास त की भूमि पर मनाये जा रहे इस दीपोत्सव में शामिल होने से उन्हें बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने सभी देशवासियों से देश को निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ाने, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने तथा वंचितों के कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने आगे कहा कि आज भारत समग्र और समावेशी विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें मिलकर आगे बढ़ना होगा और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक विकास को अपनाने के साथ-साथ अपनी गौरवशाली संस्कृति को संरक्षित और प्रचार करके हम विकास के लक्ष्यों को शीघ्र प्राप्त कर सकेंगे। कोटी दीपोत्सव में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति सीधे राजभवन के लिए रवाना हुईं। राजभवन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने उनका स्वागत किया।