वेलकम मानसून, तेलंगाना में दो सप्ताह पहले आगमन

हैदराबाद, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने लगभग दो सप्ताह पहले सोमवार को तेलंगाना में प्रवेश कर लिया है। इसी के साथ राजधानी हैदराबाद सहित राज्य के कई हिस्सों में जमकर हुई। मौसम विभाग ने संभावना जतायी है कि मानसून की शुरुआत से सप्ताहांत (31 मई ) तक भारी बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार की शाम को जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई को मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्रवेश कर गया है।

अगले तीन दिनों के दौरान तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून का प्रभाव होगा और कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। कम दबाव के चलते उत्तर तेलंगाना के आदिलाबाद, निजामाबाद, खम्मम और वरंगल जिलों में तेज़ गरज के साथ बारिश हो सकती है। आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 से 10 जून के बीच तेलंगाना राज्य में प्रवेश करता है और 12 या 14 जून तक पूरे राज्य में इसका प्रभाव होता है, लेकिन इस साल 26 मई को ही मानसून का तेलंगाना में आगमन हो चुका है।

यह भी पढ़ें… मानसून समय से पहले राज्य के लिए येलो अलर्ट

तेलंगाना के कई जिलों में बारिश की चेतावनी

हैदराबाद में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को भारी से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गयी है। जिन जिलों में मानसून का असर ज्यादा रहने की संभावना है, उनमें विकाराबाद, संगारेड्डी, मेदक, कामारेड्डी, महबूबनगर, नागरकर्नूल, वनपर्ती, नारायणपेट, जोगुलंबा गदवाल, आदिलाबाद, कुम्मराम भीम आसिफाबाद, मंचीरियाल, निर्मल, निजामाबाद, जगतियाल, राजन्ना सिरसिल्ला, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली एवं अन्य जिले शामिल हैं।

बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। पूर्वानुमान है कि 30 मई तक आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। इस बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है या बूंदा-बांदी के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Exit mobile version