बजट की पांच विश्वविद्यालय टाउनशिप में नरेला शिक्षा केंद्र शामिल करेंगे : गुप्ता

नयी दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार प्रस्तावित नरेला शिक्षा केंद्र को इस वर्ष के केंद्रीय बजट में घोषित पांच नयी विश्वविद्यालय टाउनशिप में शामिल कराने की कोशिश करेगी। गुप्ता ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बजट ‘‘संतुलित’’ है और इसने देश की महिलाओं तथा युवाओं सहित हर वर्ग एवं श्रेणी को अवसर प्रदान किए हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले बजट में दिल्ली, पुडुचेरी के लिए पूंजीगत हस्तांतरण के वास्ते राज्यों को दी जाने वाली विशेष सहायता 6,275 करोड़ रुपये थी, जो 2026-27 के बजट में बढ़कर 15,380 करोड़ रुपये कर दी गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली बजट प्रावधानों का अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश करेगी।

दिल्ली को बढ़े बजट आवंटन से शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में फायदा

गुप्ता ने कहा कि 2025-26 में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 12,483 करोड़ रुपये के मुकाबले इस बार 13,611 करोड़ रुपये का आवंटन होने से दिल्ली को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने बजट में घोषित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास, स्वच्छ ऊर्जा प्रोत्साहन और दिल्ली में केंद्र सरकार के अस्पतालों के लिए बढ़ाई गई धनराशि शामिल है। उन्होंने कहा कि इससे शहर के लाखों लोगों को सीधे लाभ होगा।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली-वाराणसी उच्च गति रेल गलियारे की घोषणा से राष्ट्रीय राजधानी में परिवहन बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली बजट घोषणा का अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश करेगी ताकि परिसरों में ‘कंटेंट क्रिएटर’ प्रयोगशालाएं खोली जा सकें और ‘एनिमेशन’, ‘विजुअल इफेक्ट्स’, ‘गेमिंग’ और ‘कॉमिक्स’ (एवीजीसी) क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों को जोड़ा जा सके। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button