हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र मियाँपुर थाना परिधि में पति प्रताड़ना के चलते एक महिला ने आत्महत्या के लिए ऑनलाइन जहर मंगाया और उसे पीकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि आंध्र-प्रदेश एलूरू ज़िले के चटराय मंडल निवासी मोक्कूपाटी वेंकट नागलक्ष्मी (28) सॉफ्टवेयर कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थी। पाँच माह पूर्व उसका विवाह एम. मणिकंठा से हुआ। मणिकंठा भी एसेन्चर कंपनी में कार्यरत है। विवाह के बाद दोनों गोपालराव नगर कॉलोनी में रह रहे थे।
विवाह के कुछ दिन बाद से ही दोनों के बीच झगड़े हो रहे थे। मणिकंठा नागलक्ष्मी पर संदेह कर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इस कारण गत 26 नवंबर को नागलक्ष्मी ने ऑनलाइन जहर मंगवाया था। 11 दिसंबर की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान निराश होकर नागलक्ष्मी ने मंगाया गया जहर खा लिया। इस कारण उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहाँ उपचार के दौरान कल रात उसकी मौत हो गई। पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश कर रही है।