कालेश्वरम बैरेजों की मरम्मत के निर्णय का स्वागत : कविता
हैदराबाद, तेलंगाना जागृति की संस्थापक व पूर्व विधान परिषद सदस्य के. कविता ने कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना से संबंधित तीन बैरेजों की मरम्मत के लिए सरकार के कदम का स्वागत तो किया, लेकिन कहा कि लगता है केवल कमीशन के लालच में ही यह मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया है।
बंजारा हिल्स स्थित आवास पर मीडिया को संबोधित करते हुए कविता ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सरकार कालेश्वरम की मरम्मत कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। कालेश्वरम परियोजना के लाभ किसान को मिले इस नीयत से कार्य किए जाएँ। उन्होंने कहा कि कालेश्वरम परियोजना को विफल ठहराने के उद्देश्य से अब तक राज्य में करीब साढ़े आठ लाख एकड़ भूमि को बिना पानी दिए सुखा दिया गया।
महिला आरक्षण पर विशेष सत्र का कविता ने किया उल्लेख
लोकसभा व राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देते हुए पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन पर आगामी 16, 17 व 18 अप्रैल को बुलाए गए संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र का उल्लेख करते हुए कविता ने कहा कि महिला आरक्षण 2027 की जनगणना के आधार पर अमल किया गया, तो महिलाओं के लिए सीटों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने भाजपा पर महिलाओं के आरक्षण को लेकर धोखेबाज रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर यदि महिलाओं का आरक्षण तय किया गया, तो अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि ड्रॉफ्ट बिल प्राप्त होने के बाद वह अध्ययन करेंगी।
आवश्यता हुआ तो दिल्ली भी जाएँगी। वर्तमान में केंद्र सरकार जनगणना सहित जातिगत जनगणना भी करा रही है। ऐसे में पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए सब कोटा तय किया जाना चाहिए। उन्होंने तेलंगाना जागृति की नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा हेतु आगामी 25 अप्रैल को मेड़चल के पास मुनीराबाद में आयोजित की जाने वाली जनसभा व प्रबंधों के लिए 21 कमेटियों का गठन किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि हर कमेटी में 30 सदस्य होंगे। वहीं 500 वालिंटियर्स भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यातायात समस्या तथा प्रबंधों में अवरोध न हों, इसके लिए यह वालिंटियर्स समन्वय से कार्य करेंगे।
यह भी पढ़ें… उत्तम कुमार रेड्डी ने धान खरीद के लिए केंद्र से माँगा सहयोग
नॉमिनेशन पद्धति से दिए कार्य रद्द करने की मांग
कविता ने जीएचएमसी में भारी भ्रष्टाचार को अंजाम दिए जाने का सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि निविदाएँ आमंत्रित किए बिना यह सरकार नजदीकियों को नॉमिनेशन पद्धति पर करोड़ों के कॉन्ट्रैक्ट दे रही है। उन्होंने नॉमिनेशन पद्धति पर दिए गए सभी कार्य रद्द कर टेंडर प्रक्रिया अपनाने की माँग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में गठित कमेटी ने बिना टेंडर जारी किए कोई कॉन्ट्रैक्ट न दिए जाने की सिफारिश की थी, फिर भी उल्लंघन करते हुए कांग्रेस सरकार पूर्व बीआरएस सरकार की राह पर चल रही है।
कविता ने कहा कि पूर्व बीआरएस सरकार ने वर्ष 2017-18 से लेकर 2022-23 तक बिना टेंडर बुलाए नॉमिनेशन पद्धति से करीब 485 करोड़ रुपये के कार्य अपने नजदीकियों को दिए थे। अब कांग्रेस सरकार ने भी उसी राह पर चलते हुए निविदाएँ आमंत्रित किए बिना 1,148 करोड़ रुपये से संबंधित कार्य नजदीकियों को दे दिए हैं। यह तेलंगाना स्टेट फाइनांशियल कोड का उल्लंघन है।
जीएचएमसी व एचएमडीए में हो रहे भारी भ्रष्टाचार को लेकर कविता ने कहा कि नियमानुसार 5 लाख रुपये से अधिक के कोई कार्य हों, तो उसके लिए निविदाएँ आमंत्रित करनी होतीं हैं, परंतु करोड़ों रुपये से संबंधित कॉन्ट्रैक्ट बिना टेंडर बुलाए नॉमिनेशन पद्धति पर दे दिए जा रहे हैं। इससे सरकार का नुकसान हो रहा है। साथ ही पैसा राजनीतिज्ञों की जेब के हवाले हो रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



