राज्य में कल्याणकारी तथा विकास पहलों के कार्यान्वयन हेतु सौ दिवसीय कार्यक्रम : सीएस
हैदराबाद, मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने घोषणा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देशों के अनुसार राज्य सरकार तेलंगाना में विभिन्न कल्याणकारी और विकास पहलों के कार्यान्वयन हेतु मार्च के प्रथम सप्ताह से 100 दिवसीय कार्यक्रम शुरू करेगी।
मुख्य सचिव ने इस संदर्भ में डॉ. बी.आर. अंबेडकर सचिवालय में विशेष मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों तथा सचिवों के साथ विशेष समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को उक्त सौ दिवसीय कार्यक्रम के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री तथा जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस माह की 28 तारीख को होने वाली सचिवों की बैठक में शामिल होंगे। 1 मार्च को जिला कलेक्टरों की बैठक होगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग 2 मार्च से 9 जून तक के विभिन्न विकास कार्यों के लिए सौ दिवसीय कार्य योजना तैयार कर कलेक्टरों की बैठक के एजेंडा बिंदुओं को अंतिम रूप दें।
यह भी पढ़ें… 12 क्लस्टरों में हो रहा है राजधानी के 39 सब रजिस्ट्रार कार्यालयों का निर्माण : पोंगुलेटी
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री इस अवधि के दौरान कई कल्याणकारी और विकास कार्यक्रमों का उद्घाटन करेंगे। इस संदर्भ में सभी पूर्ण हो चुके सरकारी भवनों को उद्घाटन के लिए तैयार रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास, नगर प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, कृषि, राजस्व, पर्यटन, उद्योग, महिला एवं बाल कल्याण, आवास, बिजली, श्रम और अन्य विभागों को संबंधित विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रामकृष्ण राव ने नव निर्वाचित सरपंचों और नगर पालिका अध्यक्षों के लिए स्वच्छता, ग्रामीण विकास तथा स्वास्थ्य संबंधी पहलों पर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की बात पर बल दिया। उन्होंने सचिवालय और सभी विभागाध्यक्षों के कार्यालयों में ई-ऑफिस लागू करने का निर्देश दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



