सड़कों के विकास व बेहतर आधारभूत संरचना के लिए 15 हजार करोड़ : श्रीधर बाबू

हैदराबाद, आईटी व उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने बताया कि हैदराबाद को विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करने के लिए सरकार शहर में सड़कों व बेहतर आधारभूत संरचना निर्माण के लिए 15 हजार करोड़ से अधिक राशि खर्च कर रही है।उन्होंने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न सदस्यों द्वारा हैदराबाद शहर में सड़कों व आधारभूत संरचना पर पूछे गये सवालों का जवाब दिया। उन्होंने अध्यक्ष से कहा कि इस मुद्दे पर लघु चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सदन को शहर में जारी विभिन्न कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 7,032 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर, आरओबी व आरयूबी, अंडरपास व सड़कों से संबंधित 26 कार्यों को मंजूरी दी गयी है।

इसी प्रकार 1,500 करोड़ से 49 लिंक रोडों को मंजूरी दी गयी। एचएमडीए द्वारा 7,406 करोड़ से तीन एलिवेटेड कॉरिडोरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कुल 70 कार्यों की वर्तमान स्थिति को लेकर सदस्यों को लिखित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी बीआरएस सदस्य तीन एलिवेटेड कॉरिडोरों पर अब तक केवल 120 करोड़ रुपये ही खर्च होने को लेकर सवाल उठा रहे हैं। शीघ्र ही इन कार्यों पर कुल 2,250 करोड़ खर्च किए जाएँगे।

मंत्री ने कहा कि कुल 15 हजार करोड़ की लागत से किये जा रहे कार्य रातों रात पूरे नहीं होते। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार द्वारा शुरू किया गया एसआरडीपी कार्यक्रम लंबे समय तक चला। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के विकास के लिए निधियों को खर्च करने से सरकार पीछे नहीं हटेगी। उप्पल एलिवेटेड कॉरिडोर को पूरा करने का प्रयास जारी है। इसके अलावा पैराडाइज से निजामाबाद मार्ग और जेबीएस से करीमनगर मार्ग में प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोरों के निर्माण हेतु आवश्यक रक्षा भूमियों के आवंटन से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें… दो गारंटियों को पूरा करने में लगेगा समय : रेवंत रेड्डी

चुनाव से पहले शहर में स्पष्ट विकास का दावा

मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगले चुनावों से पूर्व शहर में स्पष्ट विकास दिखायी देगा। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात समस्या निवारण के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत शाटिलाइट टाउनशिपों के निर्माण का प्रयास है। उन्होंने मूसी रिवर फ्रंट परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार इसके तहत प्रदूषित जल शुद्धिकरण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में एसटीपी का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसटीपी निर्माण को कहीं भी नहीं रोका गया है।

मूसी नदी के दोनों तरफ एसटीपी आयेंगे, जिससे नदी को प्रदूषित जल से बचाया जा सके। इसके अलावा उन्होंने बताया कि शहर में जवाहरनगर डंपिंग यार्ड के अलावा और तीन नये डंपिंग यार्डों के निर्माण का प्रयास है। नये डंपिंग यार्डों में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य हैदराबाद को विश्वस्तरीय शहर बनाना है।

तेलंगाना राइजिंग 2047 विजन में यह भी शामिल है। नागरिक प्रशासन विभाग सीएम के पास ही है। उन्होंने विपक्ष से शहर के विकास के लिए सलाह देने का आह्वान करते हुए कहा कि निर्माणात्मक सुझावों को सरकार स्वीकार करेगी। बीआरएस के सदस्य विवेकानंद, सुधीर रेड्डी, सबिता, तलसानी श्रीनिवास यादव, मल्लारेड्डी, कृष्णा राव आदि ने शहर से संबंधित कई समस्याओं को सरकार के ध्यान में लाया। उन्होंने शहर से संबंधित समस्याओं पर स्थानीय विधायकों के साथ बैठक करने की माँग की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button