हैदराबाद की सड़कों पर उतारी जाएँगी 2800 इलेक्ट्रिक बसें : पोन्नम प्रभाकर

Ad

हैदराबाद, परिवहन एवं पिछड़ा वर्ग मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि सरकार हैदराबाद और राज्य के परिवहन क्षेत्र में प्रौद्योगिकी और नवाचार को प्राथमिकता देते हुए मोबिलिटी को अबाध एवं प्रदूषण मुक्त बानने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने हाईटेक सिटी स्थित एचआईसीसी नोवोटेल में नेशनल मोबिलिटी समिट 2026 का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग विशेषज्ञ और टेक्नोलॉजी क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित थे। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समिट सरकार, उद्योग और नवाचार करने वालों को एक मंच पर लाते हुए, देश में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गयी है। उन्होंने बताया कि अच्छी और मजबूत परिवहन व्यवस्था किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति और सामाजिक विकास के लिए बहुत जरूरी होती है, क्योंकि इससे लोगों को नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के अवसर आसानी से मिलते हैं।

मंत्री ने कहा कि तेजी से विकसित होते शहरों में सुरक्षित, सस्ती और टिकाऊ परिवहन प्रणाली बनाना समय की जरूरत है। इसी दिशा में तेलंगाना सरकार काम कर रही है। सरकार का मुख्य ध्यान सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और नई तकनीकों को अपनाने पर है।

यह भी पढ़ें… पोंगुलेटी ने की क्यूर क्षेत्र की परिधि में इंदिरम्मा घरों के पहले चरण की समीक्षा

बस और मेट्रो कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर

मंत्री ने बताया कि बस सेवाओं, मेट्रो कनेक्टिविटी और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को आसानी से यात्रा की सुविधा मिले और ट्रैफिक की समस्या कम हो। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 2026 तक रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया है। इससे लोगों को काफी लाभ मिला है और अब तक लगभग ?1000 करोड़ के फायदे दिए जा चुके हैं।

लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए 20,000 इलेक्ट्रिक ऑटो, 10,000 सीएनजी और 10,000 एलपीजी ऑटो परमिट जारी किए गए हैं।पुराने ऑटो को इलेक्ट्रिक में बदलने की भी अनुमति दी गई है। राज्य में इस समय करीब 810 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और 2027 तक 2,800 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही इन बसों के लिए जरूरी चार्जिंग और अन्य सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

मंत्री ने कहा कि भविष्य में परिवहन क्षेत्र में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की बड़ी भूमिका होगी। बैटरी, चार्जिंग सिस्टम, स्मार्ट ट्रांसपोर्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म से पूरी व्यवस्था बदल रही है। सरकार, उद्योग, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग जरूरी है, ताकि टिकाऊ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जा सके। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से सुझाव समिट के दौरान सुधारात्मक सुझाव देने की अपील की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button