तेलंगाना में 4 शीर्ष माओवादियों का आत्मसमर्पण

हैदराबाद, तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी के समक्ष सीपीआई (माओवादी) दल के चार शीर्ष नेताओं ने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले शीर्ष नेताओं में सीसीएम और पीबीएम तिपिरी तिरुपति उर्फ देवुजी उर्फ कुम्मा दादा (44), सीसीएम मल्ला राजी रेड्डी उर्फ संग्राम (76), एससीएम और टीएससी बड़े चोक्का राव उर्फ दामोदर उर्फ जगन (28) और एससीएम नूने नरसिम्हा रेड्डी उर्फ गंगन्ना उर्फ सन्नू दादा (36) शामिल हैं।

डीजीपी के सामने चार माओवादी नेताओं का आत्मसमर्पण

बंजारा हिल्स स्थित एकीकृत पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान चारों शीर्ष नेताओं ने पुलिस महानिदेशक के समक्ष आत्मसमर्पण किया। कोरुट्ला, जग्तियाल निवासी तिरुपति बचपन से ही माओवादियों से आकर्षित थे। वे कॉलेज की पढ़ाई के दौरान ही आरएसयू में शामिल होकर माओवादियों की विचार धारा का प्रचार कर रहे थे। सीपीआई (एमएल) पीपल्स वार ग्रुप में शामिल होने से पहले वे आरएसयू कोरुट्ला शहर के अध्यक्ष और बाद में ज़िला अध्यक्ष चुने गए। इसके बाद वे सीपीआईएमल में शामिल होकर माओवादी गतिविधियों में सक्रिय हो गए। विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अस्वस्थता के चलते उन्होंने आत्मसमर्पण किया।

आत्मसमर्पण पर 90 लाख इनामी राशि, पुनर्वास प्रक्रिया शुरू

मल्ला राजी रेड्डी वर्ष 1982 में सीपीआईएमएल ग्रुप में शामिल हुए और विभिन्न पदों पर कार्य करने के बाद माओवादी विचारधारा के कमजोर पड़ जाने और अस्वस्थता के चलते आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया। इसी प्रकार दो अन्य शीर्ष नक्सली बड़े चोक्का राव और नूने नरसिम्हा रेड्डी ने भी इन दोनों के नक्शे कदम पर चलते हुए आत्मसमर्पण किया। तिरुपति और राजी रेड्डी के खिलाफ 25-25 लाख रुपये और चोक्का राव व नूने नरसिम्हा रेड्डी के खिलाफ 20-20 लाख रुपये का ईनाम घोषित है। सरकार की ओर से पुनर्वास के तहत चारों के नाम पर घोषित 90 लाख रुपये की ईनाम राशि से संबंधित चेक उन्हें पुलिस महानिदेशक ने भेंट किया।

डीजीपी के सामने चार माओवादी नेताओं का आत्मसमर्पण

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिवधर ने बताया कि वर्तमान समय में तेलंगाना में केवल 9 माओवादी नेता ही बचे हुए हैं और वे अज्ञात वास में हैं। उन्होंने कहा कि शीर्ष माओवादी नेता मुप्पल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति वर्तमान समय में तेलंगाना के जंगलों में नहीं है। उसने तेलंगाना से बाहर कहीं और शरण ले रखी है। इसके अलावा एक और शीर्ष माओवादी पसुनूरी नरहरी उर्फ संतोष वर्तमान समय में झारखंड में माओवादी दल के टेक्निकल विभाग के प्रभारी के रूप में कार्यरत है।

यह भी पढ़ें… काल बनी तंगी – पुत्र के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या, बाद में दोनों ने लगा ली फाँसी

मुप्पल्ला लक्ष्मण राव समेत शीर्ष नेता तेलंगाना से बाहर सक्रिय

वहीं मुक्किडी साम्बय्या उर्फ सुदर्शन ओड़िशा स्टेट कमेटी मेम्बर और शेखर उर्फ मंगतू, जोडी रत्ना बाई उर्फ सुजाता (गणपति की पत्नी), नक्का सुशीला उर्फ रेला, अनिल कुमार उर्फ भगत सिंह, रंगबोयना भाग्य उर्फ रूपी, काशीपोगु भवानी उर्फ सुगुना और कुंजम इरवल समेत 11 नक्सली अज्ञातवास में है। उन्होंने इन नक्सलियों को अज्ञात वास छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की। उन्होंने बताया कि तेलंगाना से प्रारंभ माओवादी आंदोलन अब आखिरी दशा में पहुँच गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 31 मार्च तक माओवादी रहित देश बनाने के लिए ऑपरेशन कगार की घोषणा की है और इस ऑपरेशन के तहत ही तेलंगाना में माओवादी आंदोलन अब अंतिम सांस ले रहा है।

शिवधर ने बताया कि पिछले दो वर्ष के दौरान दो सीसीएम, 16 एसईएम, 26 डिवीजन सदस्य, 85 एसीएस, 60 पार्टी सदस्य समेत 591 माओवादी नेताओं ने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को तेलंगाना सरकार की ओर से पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्ष आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पास से 142 हथियार जब्त किए गए। वर्ष 2023 के दौरान तेलंगाना में नक्सलियों की संख्या 124 थी, जो वर्ष 2024 तक 99, वर्ष 2025 तक 55 और वर्तमान वर्ष में 11 तक सीमित हो गई है।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान देवुजी ने कहा कि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते आत्मसमर्पण कर रहे हैं और वर्तमान समय में वे माओवादी आंदोलन को लेकर कुछ बताना नहीं चाहते हैं। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वे राजनीति में सक्रिय होना चाहते हैं, लेकिन इस बारे में बात करने का यह मंच उचित नहीं है। 

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button