अप्राजोलम बेचने वालों की 6.88 करोड़ संपत्ति जब्त

हैदराबाद, तेलंगाना की ईगल पुलिस फोर्स ने सेंधी में मिलावट के लिए अप्राजोलम बेचने वाले आरोपियों की 6.88 करोड़ रुपये की अचल सम्पत्ति जब्त कर ली। यह संपत्ति जहीराबाद, बोधन, निजामाबाद से संबंधित एनडीपीएस के मामलों में जब्त की गई। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में ईगल फोर्स के निदेशक संदीप शांडिल्य ने बताया कि सेंधी में अप्राजोलम की मिलावट के कारण संगारेड्डी, मेदक, निजामाबाद, निर्मल, कामारेड्डी, महबूबनगर, गदवाल, सिद्दिपेट, रंगारेड्डी और हैदराबाद में लोगों के बीमार पड़ जाने और मारे जाने के कई मामले प्रकाश में आए।

इतना ही नहीं अप्राजोलम का गर्भवती महिलाओं के गर्भस्थ शिशुओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इस प्रकार की घटनाएँ हाल ही में प्रकाश में आई, जिसमें दुप्रभाव के चलते छोटे सिर वाले शिशुओं का जन्म हुआ। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व मिलावटी सेंधी के कारण कुकटपल्ली में 11 लोगों की मौत हो गई। इस प्रकार की घटनाओं को देखते हुए सेंधी में अप्राजोलम की मिलावट पर अंकुश लगाने हेतु ईगल फोर्स लगातार छापे मार रही है।

वर्ष 2024 में सेंधी में मिलावट के 20 आरोपी गिरफ्तार

वर्ष 2024 के दौरान गुमडीदाला पुलिस थाना परिधि के अंतर्गत सेंधी में मिलावट को लेकर 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में सेंधी कम्पाउंडों को अप्राजोलम की आपूर्ति करने वाले आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 1,090 ग्राम अप्राजोलम जब्त किया गया। आगे की कार्रवाई करते हुए 2 जुलाई, 2025 को अप्राजोलम तैयार करने वाली दो फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया था। सील की गई स्टैनचेम केमिकल्स और साई प्रिया केमिकल्स के 7 प्रबंधकीय साझेदारों ने 1.2 करोड़ रुपये का अप्राजोलम बेचा था।

अप्राजोलम तैयार करने के लिए 7.26 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी गिरमागोनी सुधीर गौड़ की 29.31 लाख रुपये की 12.29 एकड़ कृषि भूमि, आईसीआईसीआई बैंक में जमा 8,179 रुपये की नकदी और 41.14 लाख रुपये की फोर्ड इंडेवर कार जब्त की गई। इसी प्रकार एक और आरोपी विश्वर सिंह की 11.70 लाख रुपये की 6.37 एकड़ कृषि भूमि, 67.59 लाख रुपये के 1439 वर्ग गज के भू-प्लॉट, स्टैनचेम केमिकल फैक्ट्री (अब्दुल्लापुरमेट) को जब्त किया गया।

यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स में तेज रफ्तार स्पोर्ट्स कार का कहर, कई घायल

राजेश्वर शर्मा जोशी की कृषि भूमि और ओपन प्लॉट जप्त

इसी प्रकार बैंक खाते में जमा 8.77 लाख रुपये और 49.85 लाख रुपये की स्कोडा कोडियाक कार जब्त की गई। आरोपी राजेश्वर शर्मा जोशी की 1.23 लाख रुपये की 0.22 एकड़ कृषि भूमि और 4.92 लाख रुपये का 214 वर्ग गज का ओपन प्लॉट जब्त किया गया। आरोपी गिरमा गोनी श्रीवाणी की 5.62 लाख रुपये की 2.20 एकड़ कृषि भूमि, 3.75 लाख रुपये का बैंक बैलेंस और 18 लाख रुपये की स्कोडा विरटस कार जब्त की गई।

आरोपी भवानीगारी प्रभु वरा गौड़ की 36.29 लाख रुपये की 18.23 एकड़ कृषि भूमि, आईसीआईसीआई बैंक में जमा 9.2 लाख व एचडीएफसी बैंक में जमा 4.02 लाख की नकदी और गुंड्लापोचमपल्ली के प्राइमस एप्सीलॉन ग्रेटर कमेटी स्थित 90.68 लाख रुपये का जी प्लस टू विल्ला जब्त किया गया।

आरोपी विशाल गौड़ का 6 लाख रुपये मूल्य का गुमडीदाला स्थित 165 वर्ग गज और 10 लाख रुपये का शिवमपेट स्थित 242 वर्ग गज भू-प्लॉट जब्त किया गया। आरोपी ई. साई कुमार गौड़ का 15 लाख रुपये मूल्य का मानूर ग्राम स्थित तीन एकड़ भूमि और 2.10 लाख रुपये का बैंक बैलेंस जब्त किया। आरोपी गज्जला श्रीशैलम गौड़ का 28.73 लाख रुपये मूल्य की 5 एकड़ कृषि भूमि, चंदानगर स्थित 43.2 लाख रुपये का जा प्लस 2 का विल्ला, 42,812 रुपये का बैंक बैलेंस और 31 लाख रुपये की इन्नोवा क्रिस्टा कार जब्त की गई। इस प्रकार इन आरोपियों द्वारा अप्राजोलम की बिक्री के जरिए प्राप्त की गई 6,87,91,241 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियाँ जब्त की गई, जिसका बाजार मूल्य 33 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button