हम्डा ने प्राप्त किया 1,225 करोड़ रुपयों का रिकॉर्ड राजस्व
हैदराबाद, हैदराबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण ने वर्ष 2025 के पहले नौ माह में अभूतपूर्व वित्तीय उपलब्धि हासिल की। संस्थान ने 1,225 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व संग्रह किया। हम्डा ने वर्ष 2024 के 355 करोड़ रुपये की तुलना में 245 प्रतिशत अधिक और 2023 के 674 करोड़ रुपये की तुलना में 82 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। यह राजस्व वृद्धि हैदराबाद के तीव्र शहरी विस्तार और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का संकेत है।
हम्डा आयुक्त सऱफराज़ अहमद ने बताया कि इस वर्ष सितंबर माह में 132 करोड़ रुपयों का राजस्व संग्रह प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 263 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय उछाल का बड़ा श्रेय मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग परियोजनाओं को जाता है। इनसे अकेले 514 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वर्ष 2023 में इसी श्रेणी से 215 करोड़ रुपये एकत्रित किए गए थे, जबकि निर्मित क्षेत्र दोगुने से अधिक बढ़कर 78.71 लाख वर्गमीटर तक पहुँच गया।
आयुक्त ने कहा कि यह राजस्व वृद्धि न केवल विकास परियोजनाओं की गति को बढ़ाएगी, बल्कि शहर के बुनियादी ढाँचे, सड़क, हरित क्षेत्र और सार्वजनिक सेवाओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। इस अवधि में 8.8 मिलियन वर्ग मीटर से अधिक निर्मित क्षेत्र को स्वीकृति दी, जो पिछले वर्ष की तुलना में 137 प्रतिशत अधिक है। बिल्डिंग परमिशन, लेआउट अनुमोदन और नई परियोजनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि से यह संकेत मिला कि हैदराबाद अब भारत के सबसे तेजी से विकसित होते महानगरों में से एक बन चुका है।
यह भी पढ़ें… ओयू ने किया कॅरियर एडवांसमेंट स्कीम पदोन्नति में अनियमितताओं का खंडन
आयुक्त ने बताया कि तेज़ अनुमोदन प्रक्रिया, फाइलों की निरंतर निगरानी और नागरिक संतुष्टि पर फोकस के कारण एचएमडीए ने रिकॉर्ड समय में हज़ारों आवेदनों का निस्तारण किया। इस वर्ष 3,677 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 2,887 को स्वीकृति दी गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



