हैदराबाद में नहीं बनने देंगे बाबरी : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने तहरीक- ए- मुस्लिम के अध्यक्ष मौलाना शब्बन मुश्ताक मल्लिक द्वारा बाबरी विध्वंस की 33वीं वर्षगांठ पर ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) परिधि में बाबरी मस्जिद बनाने की घोषणा किए जाने को कांग्रेस का प्रोत्साहन बताया और आक्रोश व्यक्त करते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि हैदराबाद में बाबरी बनाने की हिमाकत की गई, तो उनकी कब्र बना दी जाएगी।
कांग्रेस सरकार की हैदराबाद इंडस्ट्रीयल लैंड्स ट्रांसफॉर्मेशन पॉलिसी (एचआईएलटीपी) व अन्य जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गल्लंतैना गारंटीलू- नेरावेरनी वाग्दानालू – प्रजा वंचना कू रेंडू संवत्सरालू (गायब हुई गारंटियां- न निभाए गए वादे- जनता को छलने के दो वर्ष) नारे के साथ भाजपा द्वारा नगर के इंदिरा पार्क स्थित धरना चौक पर आयोजित महाधरना को संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि बीजेपी का यह महाधरना अगले 3 सालों में महाधर्मयुद्ध बनेगा।
जुबली हिल्स उपचुनाव और विवादित बयानों पर बीजेपी का तीखा हमला
जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनता के पक्ष में आंदोलन तेज होगा। कांग्रेस को सत्ता से हटाने तक यह जारी रहेगा। उन्होंने कांग्रेस पर देश द्रोहियों को प्रोत्साहन देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब कांग्रेस के प्रोत्साहन से हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा हिन्दू देवी देवताओं के प्रति दिए गए विवादास्पद बयान की ओर इशारा करते हुए कहा कि रेवंतुद्दीन हिन्दू देवी देवताओं का अपमान करने पर उतारू हो चुके हैं। उन्होंने बयान से साबित कर दिया है कि कांग्रेस हिन्दू विरोधी है।
रामचंदर राव ने कहा कि कांग्रेस केवल धर्म की राजनीति करती है। जब से कांग्रेस सत्ता में आई है तब से हिन्दू देवी देवताओं का बार- बार अपमान किया जा रहा है। हिन्दुओं की भावनाओं को अनेकों बार ठेस पहुंचाई जा रही है, हिन्दू मंदिरों की भूमियां कब्जाई जा रही हैं, गोरक्षकों पर गोलियां चलाई जा रही हैं लेकिन सरकार अंजान बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जुबली हिल्स उप चुनाव में कांग्रेस नहीं बल्कि मजलिस पार्टी की जीत हुई है और अब रेवंतुद्दीन विवादास्पद बयान देते जा रहे हैं। उन्होंने जुबली हिल्स उप चुनाव के समय मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के दिए बयान कांग्रेस का अर्थ मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस का उल्लेख किया और कहा कि हिन्दुओं के प्रति कांग्रेस का रवैया क्या है, इसी से साबित होता है।
रेवंत रेड्डी के 3 देवता – सोनिया, राहुल, प्रियंका
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दुओं के 3 कोटि देवी देवता होने को लेकर प्रश्न कर रहे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के केवल 3 देवता हैं – कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के पास शिक्षा विभाग व गृह विभाग हैं परंतु राज्य में शिक्षा क्षेत्र शून्य हो चुका है, कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है।
राज्य को लैंड माफिया के हाथों में दे दिया गया है। पूर्व बीआरएस के शासन में सीएम एंड सन्स मॉडल शासन था। वर्तमान कांग्रेस सरकार के दौरान सीएम एंड ब्रदर्स मॉडल शासन चल रहा है। राज्य में जनता इस सरकार को कमीशन व कांट्रैक्टरों की सरकार के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जनता ने बीआरएस का निरंकुश शासन देखा है तब चुनाव के बाद बीआरएस को वीआरएस दे दिया। अब 2 सालों में कांग्रेस का भ्रष्टाचारी शासन देख लिया है जिसके चलते कांग्रेस के खिलाफ भी विरोधी लहर बन चुकी है।
घोटाले के लिए बनायी है नीति
उन्होंने कहा कि केवल रियल एस्टेट धंधा करके लाभ पाने के उद्देश्य से ही कांग्रेस सरकार ने एचआईएलटीपी नीति बनाई है यह सबसे बड़ा भ्रष्टाचार और सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूसी सौंदर्यीकरण का भाजपा विरोध नहीं करती है लेकिन उस परियोजना की डिटेल्ड प्रॉजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) कहां है पता नहीं। कांग्रेस जनता को क्यों रिपोर्ट नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि हिन्दू देवी देवताओं का अपमान करने वाली, युवाओं के भविष्य को गिरवी रखने व महिलाओं की सुरक्षा को ताक पर रखने वाली जनविरोधी कांग्रेस सरकार को सत्ता में और कितने दिन बर्दाश्त किया जाए, यह विचार उठने लगा है।
यह भी पढ़ें… एसएलबीसी परियोजना को पूरा कर किसानों को देंगे सिंचाई जल :रेवंत
अर्बन नक्सलियों काहोगा पूर्ण सफाया
रामचंदर राव ने कहा कि तेलंगाना में भाजपा के सत्ता में आने पर अर्बन नक्सलियों को भी पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के हाथों आरएसएस और एबीवीपी के कई कार्यकर्ता मारे गए हैं। अब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार नक्सल मुक्त भारत बनाने ऑपरेशन कगार के माध्यम से मार्च तक नक्सलियों का खात्मा करने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है।
रामचंदर राव ने कहा कि दूसरी ओर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार तेलंगाना में अर्बन नक्सिलियों को प्रोत्साहन देकर पाल पोस रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तेलंगाना में भाजपा के सत्ता में आने के बाद अर्बन नक्सलियों को भी पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीआरएस और कांग्रेस के शासन को देख चुकी जनता अब अगली बार बीजेपी को मौका देकर तेलंगाना की सत्ता पर काबिज करे।
केंद्र की निधियों से विकास होने का दावा, कई परियोजनाएँ गिनाईं
रामचंदर राव ने चुनाव के पहले कांग्रेस द्वारा जनता को दी गई 6 गारंटियों व 420 वादों को निभाने में विफल करार देते हुए प्रश्न किया कि फीस रीअंबर्समेंट की राशि अब तक क्यों अदा नहीं की गई? आरोग्यश्री योजना का पैसा क्यों नहीं दिया जा रहा है? रिटायर्ड कर्मचारियों के बकाए अदा नहीं करने से कइयों ने जानें दे दीं , रोजगार के लिए बेरोजगार आंदोलन कर रहे हैं , किसानों को रैतु भरोसा की 15 हजार रुपये राशि क्यों नहीं दी जा रही है?
महिलाओं को 2,500 रुपये पेंशन का वादा क्यों नहीं निभाया जा रहा है? उन्होंने कहा कि तेलंगाना को केंद्र सरकार ने क्या दिया है प्रश्न कर रही कांग्रेस को पता होना चाहिए कि ग्रामीण विकास यदि हो रहा है तो वह केंद्र सरकार की निधियों से हो रहा है। उन्होंने बीबी नगर एम्स, राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, वंदे भारत रेल, रेलवे स्टेशनों के आधुनिकिकरण, सेंट्रल ट्राइबल यूनिवर्सिटी, रामागुंडम खाद फैक्ट्री पुनर्स्थापना, हैदराबाद एयरोस्पेस क्षेत्र का विकास, राशन कार्ड पर गरीबों को निशुल्क चावल वितरण आदि अनेक कार्य गिनाते हुए कहा कि यदि तेलंगाना में विकास हो रहा है तो वह केंद्र की निधियों से ही हो रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





