एआई इम्पैक्ट समिट नहीं, व्यापार समझौते के खिलाफ था विरोध प्रदर्शन : युवा कांग्रेस अध्यक्ष

नयी दिल्ली, भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को कहा कि ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन इस आयोजन के खिलाफ नहीं, बल्कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ था।उन्होंने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौता हो रहा हो और युवाओं को बेरोज़गार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो फिर खामोश नहीं रहा जा सकता।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया।
चिब ने एक बयान में कहा, ‘‘युवा कांग्रेस के साथियों ने स्पष्ट कर दिया कि देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा। ‘पीएम इज कंप्रोमाइज्ड’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि करोड़ों बेरोजगार युवाओं का आक्रोश है। अमेरिका के साथ यह व्यापार समझौता हमारे किसानों और जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है, जिससे सिर्फ अमेरिका को फायदा होगा। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हमारा अधिकार है और हम युवाओं की आवाज बुलंद करते रहेंगे।’’ उनका कहना है, ‘‘हम ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के खिलाफ नहीं हैं। हम भारत के हितों के साथ हो रहे समझौते के खिलाफ हैं, इसलिए हमने आज ये प्रदर्शन किया है।’’(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



