हैदराबाद : ऑपरेशन ऑक्टोपस के तहत 104 आरोपी अरेस्ट

हैदराबाद, हैदराबाद की साइबर अपराध पुलिस ने ऑपरेशन ऑक्टोपस के तहत देश के 16 राज्यों में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर साइबर अपराध के मामलों में 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में म्यूल अकाउंट होल्डर, साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले और बैंक अधिकारी शामिल है। आरोपियों के पास से 36 लाख रुपये और 200 से अधिक सेलफोन जब्त किए गए।

नगर पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) वी. अरविंद बाबू ने बताया कि ऑपरेशन ऑक्टोपस के तहत बड़े पैमाने पर देश के 16 राज्यों में एक साथ छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि हाल ही में इनवेस्टमेंट फ्रॉड, ट्रेडिंग फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑपरेशन ऑक्टोपस को अमल में लाया गया, जिससे लोगों में साइबर अपराध को लेकर भय की भावना दूर हो। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन के तहत हैदराबाद के पीड़ितों के बैंक खातों से नकदी स्थानांतरित करने के लिए उपयोग में लाए गए 151 बैंक खातों की पहचान की गई है।

यह भी पढ़ें… सिद्दिपेट : मेडिकल छात्रा ने लगा ली फाँसी

म्यूल अकाउंट नेटवर्क और कमीशन एजेंटों का खुलासा

अरविंद बाबू ने बताया कि अनुभवी पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 32 विशेष पुलिस दलों का गठन कर 10 दिन की समयावधि में 16 राज्यों में धड़ल्ले से छापेमारी की गई। इस दौरान साइबर ठगी के मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में 86 म्यूल अकाउंट होल्डर (जान-बूझकर साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले) एवं 17 ऐसे आरोपी जो साइबर ठगी के लिए लोगों को कमीशन देकर उनके बैंक खाते उपलब्ध करवा रहे थे, शामिल हैं।

इसके अलावा बंधन बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का देश भर में 1,055 साइबर ठगी के मामलों से संबंध है। इन मामलों में लोगों से 127 करोड़ रुपये लूटे गए। छापों के दौरान पुलिस ने 204 सेलफोन, 141 सिम कार्ड, 152 बैंक पास बुक, 234 डेबिट व क्रेडिट कार्ड, 26 लैपटॉप, 56 कॉर्पोरेट व अन्य संस्थाओं के स्टाम्प और 36 लाख रुपये की नकदी को जब्त किया। ऑपरेशन ऑक्टोपस को संयुक्त पुलिस आयुक्त एस.एम. विजय कुमार, पुलिस उपायुक्त अरविंद बाबू के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button