एटीएम मशीन में भरने की नकदी ले भागने वाला चालक गिरफ्तार, 34.90 लाख रुपये जब्त
हैदराबाद, गच्चीबावली पुलिस ने एटीएम सेंटर की मशीन में भरने की नकदी ले भागने वाले सिक्योरिटी कंपनी के चालक को गिरफ्तार करते हुए 34 लाख 90 हजार रुपये की नकदी बरामद की। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नारसिंगी के सहायक पुलिस आयुक्त रमणा गौड़ ने बताया कि गत 12 फरवरी को अनंतपुर तथा सिकंदराबाद के डायमंड प्वाइंट सर्कल के पास रहते हुए संग्राम सिक्योरिटी एजेंसी में चालक का काम करने वाला बी. अजीत कुमार उर्फ शिवा (34) अपने सहयोगियों के साथ एटीएम सेंटर में कैश लोड करने पहुँचा था।
गोपनपल्ली के पास अन्य कर्मचारी बॉक्स लेकर एटीएम सेंटर के भीतर चले गए, इसी दौरान अजीत कुमार वाहन समेत पैसा लेकर फरार हो गया। उसने दो घंटों तक सहयोगी कर्मचारियों को चाय लाने, दोस्तों के साथ पहुँचने के नाम पर गुमराह किया और आखिर में फोन बंद कर भूमिगत हो गया, जिसके बाद मामले की पुलिस से शिकायत कर कुल 56 लाख रुपये की नकदी गायब होने की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें… सिद्दिपेट : मेडिकल छात्रा ने लगा ली फाँसी
एसीपी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के तहत शिवा को ट्रैक किया गया और मंगलवार की सुबह उसे आरजीआई एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर 34.90 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। शेष नकदी को उसने अपने गैर-जरूरी शौकों में गँवाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद शिवा नल्लागंड्ला की ओर गया तथा वाहन छोड़कर पैसों का बॉक्स लेकर चला गया। उसी दिन उसने आरटीसी क्रॉस रोड़ स्थित होटल में रात गुजारी और ब्लेड से बॉक्स खोलकर नकदी निकाल ली। इसके बाद वह अनंतपुर पहुँचा, वहाँ से बेल्लारी, बेंगलुरू, पुणे होते हुए मंगलवार को आरजीआई एयरपोर्ट पहुँचा था। उसे गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



