ईएसआईसी ने 75 वर्षों की सेवा पर गर्व, श्रमिक व बीमितों को सम्मानित किया

हैदराबाद, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) का 75वाँ स्थापना दिवस सनतनगर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अकादमिक ब्लॉक में उत्साह के साथ मनाया गया। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवसर पर श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति ईएसआईसी की समर्पित सेवा के 75 वर्ष पूरे होने का स्मरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय निदेशक राजीव लाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम. राधिका और क्षेत्रीय कार्यालय तथा एमसीएच के अन्य अधिकारियों द्वारा स्वागत से किया गया।

समारोह की शुरुआत पारंपरिक प्रार्थना के साथ हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित किया गया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण तेलंगाना सरकार में श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कारखाना (एलईटी एंड एफ), खान एवं भूविज्ञान मंत्री जी. विवेक वेंकट स्वामी का अभिनंदन था। तेलंगाना में ईएसआईसी ढांचे के लिए उनके समर्थन और मार्गदर्शन को मान्यता देते हुए ईएसआईसी के क्षेत्रीय निदेशक राजीव लाल ने उन्हें अभिनंदन प्रदान किया।

तेलंगाना सरकार के एलईटी एवं एफ विभाग के प्रधान सचिव एम. दाना किशोर, आईएएस को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम. राधिका द्वारा सम्मानित किया गया। इसके बाद दर्शकों को ईएसआईसी पर लघु फिल्म दिखाई गई, जिसमें पिछले 75 वर्षों में इसकी उल्लेखनीय यात्रा का वर्णन शामिल रहा। साथ ही बीमित व्यक्तियों को व्यापक चिकित्सा देखभाल और सामाजिक सुरक्षा लाभ प्रदान करने में हासिल की गई उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।

यह भी पढ़ें… सीएसआईआर-एनजीआरआई में प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ

भविष्य में तृतीयक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने की योजनाओं पर जोर

राजीव लाल ने भारत और तेलंगाना में ईएसआईसी के पदचिह्न पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें निगम के विस्तार, बुनियादी ढाँचे के विकास और लाखों लाभार्थियों पर इसके प्रभाव को रेखांकित किया गया। डॉ. एम. राधिका, चिकित्सा अधीक्षक ने ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमसीएच) और सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल (एसएसएच) के कामकाज और नई पहलों के बारे में विस्तार से बताया, जिसमें चिकित्सा सेवाओं, रोगी देखभाल सुविधाओं, विशेषज्ञ विभागों में हुई प्रगति और तृतीयक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से भविष्य की विकास योजनाओं पर जोर दिया गया।

इस दौरान ईएसआईसी द्वारा जीवन रक्षक योगदान और मानवीय भावना के लिए अंग दाताओं को, परिवारों को प्रदान की गई सामाजिक सुरक्षा सहायता के लिए आश्रित लाभ लाभार्थियों को, लचीलेपन और ईएसआईसी की सहायता प्रणाली को स्वीकार करते हुए स्थायी विकलांगता लाभ (पी डी बी) लाभार्थियों को, ईएसआईसी के साथ दीर्घकालिक जुड़ाव के लिए वरिष्ठ बीमित व्यक्तियों को, संगठन के प्रति निरंतर विश्वास और जुड़ाव के लिए ईएसआईसी पेंशनभोगियों को सम्मानित किया।

एम. दाना किशोर, आईएएस, प्रधान सचिव ने सभा को संबोधित करते हुए तेलंगाना में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने में ईएसआईसी की परिवर्तनकारी भूमिका की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए सेवाओं के निरंतर आधुनिकीकरण और विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। मंत्री जी. विवेक वेंकट स्वामी ने ईएसआईसी की 75 वर्षों की समर्पित सेवा की विरासत की प्रशंसा की। उन्होंने राज्य में श्रमिक कल्याण उपायों को मजबूत करने और ईएसआईसी की पहलों का समर्थन करने के लिए तेलंगाना सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने चिकित्सा अवसंरचना के विस्तार और बीमित श्रमिकों व उनके परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने में संस्था के प्रयासों की सराहना की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button